महिलाओं के लिए… बहुत कठिन है डगर संसद की

By: Mar 27th, 2019 12:02 am

प्रदेश में सियासी दलों को नारी शक्ति पर भरोसा कम, अब तक चार बार ही जीतीं महिलाएं

 पालमपुर —प्रदेश में महिलाओं का अच्छा-खासा वोट बैंक होने और नारी शक्ति द्वारा चुनावों में जोरदार भागीदारी निभाने के बावजूद प्रमुख दल उम्मीदवारी के मामले में महिलाओं को कम ही प्राथमिकता देते रहे हैं। 16वीं लोकसभा तक प्रदेश से केवल चार बार ही महिलाएं लोकसभा की दहलीज तक पहुंच पाई हैं और ये चारों कांग्रेस की ही टिकट पर जीतीं थीं। भाजपा ने लोकसभा के लिए महिला उम्मीदवार को कभी आगे नहीं किया, वहीं अन्य दलों से चुनावी समर में उतरीं महिलाएं कुछ खास न कर सकीं। इस बार के लोकसभा चुनावों को लेकर अब तक प्रमुख दलों की ओर से कोई भी महिला उम्मीदवार सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार देश की पहली लोकसभा में मंडी-महासू से कांग्रेस की राजकुमारी अमृत कौर ने प्रदेश की महिलाओं की ओर से उपस्थिति दर्ज करवाई थी। इसके बाद प्रदेश से किसी महिला को लोकसभा तक पहुंचने में लंबा समय लग गया। आठवीं लोकसभा में कांगड़ा से कांग्रेस की उम्मीदवार चंद्रेश कुमारी ने नारी शक्ति का मान बढ़ाया। चंद्रेश कुमारी 1996 में राज्यसभा सांसद बनीं, तो 15वीं लोकसभा में भी बतौर सांसद उपस्थिति दर्ज करवाई, लेकिन उस समय वह राजस्थान की जोधपुर सीट से चुनाव जीती थीं। इसके बाद फिर प्रदेश से किसी महिला को लोकसभा के दर तक पहुंचने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। यह इंतजार पूरा हुआ 14वीं लोकसभा में जब प्रदेश की मंडी सीट से कांग्रेस की टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने जीत दर्ज की। प्रदेश से 17वीं लोकसभा में भी कांग्रेस और भाजपा की ओर से किसी भी सीट से महिला उम्मीदवार का नाम सामने नहीं आया है।

ऐसा था 2014 के लोकसभा चुनावों का हाल

2014 के लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चार सीटों पर पांच महिला उम्मीदवारों ने भाग्य आजमाया था। हालांकि कोई भी महिला चुनाव नहीं जीत पाई थी। इनमें मंडी से प्रतिभा सिंह कांग्रेस की उम्मीदवार थी और उन्होंने 322968 मत प्राप्त किए, लेकिन वह भाजपा के उम्मीदवार से हार गईं। कांगड़ा सीट से आरती सोनी को 3757 और प्रवेश को 808 मत हासिल हुए। हमीरपुर सीट से उर्मिला शर्मा को 2328 वोट पड़े, जबकि हमीरपुर सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार कमलकांता बतरा को 15329 वोट मिले। शिमला सीट से कोई भी महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App