राहुल गांधी के 72 हजार पर जयराम गुस्सा

By: Mar 29th, 2019 12:10 am

ज्वालामुखी में बोले, गरीबों के खाते में पैसा डालने की घोषणा करके किया आचार संहिता का उल्लंघन

ज्वालामुखी—मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शीश नवाने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि मंत्री अनिल शर्मा को पार्टी संगठन के आदेश पर पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करना चाहिए। उन्होंने पंडित सुखराम के कांग्रेस में चले जाने के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार किया, परंतु इतना जरूर कहा कि इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता है।भाजपा की प्रदेश की चारों सीटों को भारी मतों से जीतेगी और केंद्र में मोदी की मजबूत सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीबों के खातों में 72 हजार रुपए डालने की घोषणाएं करके चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। उनको क्या पता किसान क्या होता है और खेती बाढ़ी कैसे होती है। केवल मात्र सत्ता की खातिर लोगों के वोट हासिल करने के लिए सियासी ड्रामा कांग्रेस रचती आई है, परंतु पूरे देश में कांग्रेस को कोई भी मुंह नहीं लगा रहा है। इससे पूर्व ज्वालामुखी में पहुंचने पर राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नगरोटा के विधायक अरुण कूका, मंडल भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों सहित स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं सहित भी चुनावी गपशप मारी और भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए आपसी मतभेद भुलाकर कांग्रेस को करारी हार चखाने के लिए आदेश दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App