शहीद की पत्नी से करवाया जनचेतना यात्रा का आगाज

By: Mar 13th, 2019 12:20 am

 शिमला —भाजपा पर शहीदों के नाम से राजनीति करने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने अपनी जनचेतना यात्रा की शुरुआत एक शहीद की पत्नी से करवाई। वहीं ,कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा  शहीदों के नाम पर राजनीति कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। एक तरफ कांगे्रस नेताओं ने इस तरह के आरोप लगाए और दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, विधायक दल के नेता की उपस्थिति में शहीद की पत्नी को जनचेतना यात्रा में खड़ा कर दिया गया।कांग्रेस की जनचेतना यात्रा को बिलासपुर जिला के शहीद आईटीबीपी के जवान गरजा राम की पत्नी सुनीता देवी ने झंडी दिखा कर रवाना किया। गरजा राम वर्ष 2000 में श्रीनगर में एक एनकाउंटर में शहीद हुए थे। इस अवसर पर कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश ही नहीं, देश के शहीदों का पूरा सम्मान करती है। देश न तो इनकी कुर्बानी को भुला सकता है और न ही इनके कर्ज से मुक्त हो सकता है। जनचेतना यात्रा से पूर्व श्री राठौर ने शिमला संसदीय क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों व सचिवों के साथ एक बैठक की। उन्होंने  पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों व विधायकों से कहा कि वे प्रदेश के लोकसभा चुनाव में तन-मन से जुट जाएं। यह चुनाव देश के लिए तो महत्त्वपूर्ण हैं ही, कांग्रेस के लिए भी परीक्षा का समय है। श्री राठौर ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मोदी सरकार की विफलताओं और उन चुनावी वादों से अवगत करवाना है, जो पूरे नहीं हुए। लगभग 10 दिन तक चलने वाली इस यात्रा को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में मुकेश अग्निहोत्री, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल और मंडी संसदीय क्षेत्र में सभी पार्टी के नेता एक बड़ी रैली कर इसका समापन करेंगे। उन्होंने कहा कि चंबी में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की चंबी रैली से प्रदेश भाजपा की नींद उड़ गई है। रैली के बाद जहां प्रदेश में युवाओं में नया जोश पैदा हुआ है, वहीं प्रदेश के लोगों में भी कांग्रेस के प्रति भारी उत्साह है। इससे पूर्व सोलन के विद्यायक धनीराम शांडिल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का सेना के पराक्रम को राजनीतिक रंग देना बहुत दुःख का विषय है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की रक्षा बजट में कमी की, यही वजह रही है कि सेना को संसाधनों की कमी का भारी सामना करना पड़ रहा है।

केंद्र-प्रदेश सरकार नाकाम

विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र की तरह प्रदेश सरकार भी पूरी तरह विफल है। प्रदेश सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, पर धरातल पर एक भी सही नहीं है। उन्होंने कहा कि जन चेतना यात्रा के दौरान लोगों को कांग्रेस के वादों से अवगत करवाया जाना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App