सोलंग गांव खतरे में

By: Mar 14th, 2019 12:01 am

मनाली – मनाली के सोलंग गांव भारी बर्फबारी के बाद अब भू-स्खलन की जद में आ गया है। भू-स्खलन की जद में आने से एक घर धराशाई हो गया है, तो वहीं दूसरा घर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसे खाली करवाया गया है। गांव में पांच फुट के लगभग बर्फबारी हुई है। भू-स्खलन से दो जगह तीन फुट तक दरार पड़ गई हैं, जिससे गांव खतरे की चपेट में आ गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को खराब मौसम के चलते गांव में रहने वाले नोख राम का मकान भू-स्खलन की जद में आने से गिर गया, वहीं इस घटना ने लोगों को भी डरा डाला है। हालांकि जो मकान गिरा है, उसमें कोई नहीं रहता था। घर में घास व लकड़ी ही रखी थी। दूसरी ओर ग्रामीण गोकुल चंद का घर खाली करवा दिया गया है। दोनों लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। 2008 में इस गांव में आग लगने से 38 परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए थे और ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। ग्रामीणों का कहना है कि इस गांव में चार साल से भू-स्खलन हो रहा है, लेकिन सरकार इसका कोई स्थायी समाधान नहीं कर पा रही। ग्रामीण गोकुल चंद, नोख राम और रूप लाल ठाकुर ने बताया कि उनके गांव को भू-स्खलन से खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि वे रात को कई दिन से सो नहीं पाए हैं। हर समय भू-स्खलन का खतरा बना हुआ है। पलचान पंचायत के प्रधान सुंदर ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों को समस्या को सरकार के ध्यान में लाया गया है। एसडीएम अश्वनी कुमार ने कहा कि रेवन्यू टीम सोलग गांव का दौरा कर लौट आई है। टीम ने नुकसान की रिपोर्ट दे दी है। रिपोर्ट के अनुसार दो घरों को नुकसान पहुंचा है। अभी गांव में बर्फ के ढेर लगे हैं। कुछ दिन बाद फिर से गांव का दौरा किया जाएगा और भू-स्खलन की समस्या से निपटने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App