59 दिन में 61 महिलाओं से छेड़छाड़

By: Mar 18th, 2019 12:20 am

प्रदेश भर में दो महीने में रेप के 33, हिंसा के 25 मामले दर्ज

 पालमपुर —देवभूमि में नारी के सम्मान की बातें कागजी नजर आने लगी हैं और इसका प्रमाण आंकड़े दे रहे हैं। साल के पहले दो माह में 59 दिनों में प्रदेश के विभिन्न थानों में महिलाओं से छेड़छाड़ के 61 मामले दर्ज किए गए हैं। दो माह में छेड़छाड़ के सबसे अधिक 12 मामले जिला सिरमौर में दर्ज किए गए हैं, तो जिला कांगड़ा में 11 और जिला मंडी में नौ मामले सामने आए हैं। जनवरी और फरवरी माह में प्रदेश में दुष्कर्म के 33 मामले दर्ज किए गए हैं। रेप के सबसे ज्यादा मामले शिमला में दर्ज किए गए हैं। पहले दो माह में शिमला में रेप के आठ, जिला कांगड़ा और जिला सोलन में चार-चार तथा जिला चंबा, मंडी, कुल्लु और उना में दुष्कर्म के तीन-तीन मामले सामने आए हैं। इस दौरान महिलाओं के साथ हिंसा के 25 मामले प्रदेश भर में दर्ज किए गए हैं, जिसमें सबसे अधिक आठ मामले जिला मंडी में दर्ज हुए हैं। वहीं, दो माह में प्रदेश में हत्या के छह और हत्या के प्रयास के आठ मामले दर्ज किए गए हैं। मर्डर के सबसे ज्यादा तीन मामले चंबा में दर्ज हुए हैं। इन दो माह में प्रदेश में अपहरण के 59 और चोरी के 85 मामले दर्ज किए गए हैं। पहले दो माह में प्रदेश में कुल 2855 मामले दर्ज किए गए हैं। क्राइम के सबसे ज्यादा 467 मामले जिला कांगड़ा में सामने आए हैं तो 425 दर्ज मामलों के साथ जिला मंडी इस सूची में दूसरे स्थान पर है। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है और दो माह में प्रदेश में 213 मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें सबसे अधिक 39 मामले जिला मंडी में सामने आए हैं।

408 हादसे, 160 मौतें

जनवरी और फरवरी के महीने में प्रदेश भर में सड़क दुर्घटनाओं के 408 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें 160 लोगों की जान चली गई और 693 घायल हुए। इस दौरान प्रदेश में एक्साइज एक्ट के तहत 561, फोरेस्ट एक्ट के तहत 40 और आईटी एक्ट के तहत छह मामले दर्ज किए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App