अनिल को कांग्रेस का न्योता

By: Apr 15th, 2019 12:02 am

ऊर्जा मंत्री के पद से इस्तीफा देते ही विपक्ष से ऑफर

 शिमला —ऊर्जा मंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले अनिल शर्मा को कांग्रेस में शामिल होने का न्योता देने के साथ कांगे्रस ने भाजपा नेताओं से पूछा है कि उन्हें पहले पंडित सुखराम का भ्रष्टाचार क्यों नहीं दिखा। रविवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन व मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जब भाजपा को सत्ता में लाना था, तब उसके नेताओं को पंडित सुखराम भ्रष्टाचारी नहीं लगे थे। कांग्रेस में आते ही पंडित सुखराम गलत कैसे हो गए। भाजपा का यही दोहरा चरित्र व चेहरा है, जिस पर इस बार जनता से वह मुंह की खाएगी। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा, जयराम ठाकुर की कैबिनेट में मंत्री थे और आज उनके विधायक भी हैं, बावजूद इसके उनकी फजीयत की जा रही है, जो नैतिकता नहीं। इससे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की बौखलाहट सामने आ रही है, जो वह सार्वजनिक मंचों से अनिल शर्मा के खिलाफ बोल रहे हैं। भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसे लेकर कांग्रेस चुनाव आयोग के पास जाएगी। बेहतर होगा यदि सत्ती सार्वजनिक मंच से अपनी टिप्पणियों के लिए राहुल गांधी से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस बार चुनाव में मोदी के अहम तो तोड़ेगी यह तय है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App