अनिल शर्मा की नई पारी को फैसले का इंतजार

By: Apr 14th, 2019 12:02 am

मंत्री की कुर्सी के बाद अब भाजपा से जाएंगे विधायक, सदस्यता रद्द करने से कतरा रही पार्टी

 शिमला —अपने बेटे की राजनीतिक भविष्य को देख प्रदेश मंत्री परिषद से इस्तीफा दे चुके अनिल शर्मा को अब भाजपा के फैसले का इंतजार है। हालांकि अभी तक उन्होेंने भाजपा को अलविदा नहीं कहा है, लेकिन आने वाले दिनों में पार्टी से भी उनकी सदस्यता चली जाएगी।  उसके बाद ही अनिल शर्मा राजनीति की नई पारी शुरू करेंगे। अभी तक वे न तो भाजपा के लिए प्रचार कर रहे हैं और न ही मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी एवं बेटा आश्रय  के लिए। भले ही प्रदेश भाजपा ने अनिल शर्मा को मंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाया और सफलता भी मिल गई, मगर सदस्यता रद्द करने से पार्टी कतरा रही है। लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा अनिल शर्मा की सदस्यता रद्द करने में समय लगा रही है। ऐसी स्थिति में अनिल शर्मा प्रदेश भाजपा के फैसले का इंतजार कर रही है, ताकि आने वाले दिनों में वह राजनीति की नई पारी शुरू कर सके। अनिल शर्मा का दावा है कि  चाहे भाजपा से सदस्यता चली जाए या भाजपा वाले पार्टी से निकाले, वह विधायक पद पर बने रहेंगे। दूसरी तरफ भाजपा की नजरें पूरी तरह से अनिल शर्मा की राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी हुई हैं कि कब वे कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए प्रचार में उतरेंगे। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दो या तीन दिनों के भीतर अनिल शर्मा की सदस्यता रद्द हो सकती है। उल्लेखनीय है कि अनिल शर्मा को 15 माह पहले भाजपा ने टिकट दिया, विधायक भी बने और मंत्री की कुर्सी दे दी। पारिवारिक राजनीति को देखते हुए अनिल शर्मा ने गत शुक्रवार को मंत्री परिषद से इस्तीफा भी दे दिया। प्रदेश सरकार में मंत्री होने के नाते भाजपा चार्जशीट में लगे आरोपों से अनिल शर्मा को दूर रखा गया। ऐसे में भाजपा की सदस्यता रद्द होने के बाद भाजपा चार्जशीट फिर गूंज सकती है। प्रदेश भाजपा महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा और परिवारवाद की राजनीति से आहत होकर आज कई कांग्रेसी नेता बीजेपी के संपर्क में हैं, जो आने वाले दिनों में भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App