एक नजर

By: Apr 7th, 2019 12:01 am

ईरान में अब तक 70 की मौत, 791 घायल

तेहरान। ईरान में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से कम से कम 70 लोगों की मौत हो चुकी है और 791 अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।  ईरानी रेड क्रिसेंट के प्रमुख मुर्तजा सलीमी ने कहा कि ईरान के बाढ़ प्रभावित 293 शहरों और गांवों में सहायता पहुंचाई जा रही है।

लीबिया में सशस्त्र गुटों के बीच बढ़ा संघर्ष

बेंगाजी। लीबिया में सशस्त्र बलों के गुटों के बीच संघर्ष काफी बढ़ गया है। फील्ड मार्शल खलीफा हफ्तार के नेतृत्व वाली लीबियन नेशनल आर्मी (एलएनए) ने शनिवार को त्रिपोली के दक्षिण-पश्चिम में अल-स्वानी क्षेत्र में प्रवेश किया और अन्य सशस्त्र बलों के एक समूह को पकड़ लिया। एलएनए ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 में कर्नल मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से हटाकर उनकी हत्या करने के बाद अस्थिरता से जूझ रहे लीबिया में एक नया संकट पैदा हो गया है।

गाजा पट्टी में झड़पें 83 फिलिस्तीनी जख्मी

रामल्लाह। गाजा पट्टी सीमा पर इजरायली सेना के साथ हुई ताजा झड़पों में 83 फिलिस्तीनी नागरिक घायल हो गए हैं। फिलिस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। इजरायली डिफेंस फोर्सेज के साथ हुई ताजा झड़पों में 83 फिलिस्तीनी नागरिक घायल हो गए। सभी 83 फिलिस्तीनी नागरिक गोली लगने से घायल हुए हैं। इसके अलावा पूर्वी गाजा में आंसू गैस के कारण भी दर्जनों लोगों ने सांस लेने में समस्या होने एवं दम घुटने की शिकायत की है।

अफगानिस्तान में दो विस्फोट, तीन की मौत

जलालाबाद। अफगानिस्तान के जलालाबाद शहर में शनिवार को हुए दो विस्फोटों में तीन लोग मारे गए तथा 19 अन्य घायल हो गए। सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। नांगरहार प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता अताउल्ला खोगयानी ने कहा कि हताहत हुए लोगों में दो बच्चे और आठ जवान शामिल हैं। एक न्यूज रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस्लामिक स्टेट नांगरहार में 2015 में पाकिस्तान के साथ लगी सीमा के आस पास उभरा और यह अफगानिस्तान में बम विस्फोट और जटिल हमलों को लेकर सबसे खतरनाक आतंकवादी समूह बन गया।

चीन ने विस्फोट के बाद बंद किया इंडस्ट्रियल पार्क 

बीजिंग। चीन के पूर्वी जियांग्सू प्रांत के शहर यानचेंग के अधिकारियों ने मार्च के अंत में एक स्थानीय रासायनिक संयंत्र में विस्फोट के मद्देनजर औद्योगिक पार्क को बंद करने का फैसला लिया है। प्रशासन ने स्पूतनिक को यह जानकारी दी है। प्रशासन ने एक बयान में कहा, ‘‘इस औद्योगिक पार्क को पूरी तरह से बंद करने और एक पायलट प्रोजेक्ट में झांगजिगांग शहर को शामिल करने के लिए जियांगशुई काउंटी के रासायनिक औद्योगिक पार्क और शहर के संपूर्ण रासायनिक उद्योग के एकीकृत प्रशासन पर काम का गंभीरता से अध्ययन किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App