कांगड़ा-हमीरपुर की महिलाओं ने पछाड़े पुरुष

By: Apr 20th, 2019 12:20 am

लोकसभा चुनावों के दौरान मतदान करने में निकलीं आगे, मंडी-शिमला पिछड़े

पांवटा साहिब —पिछले 10 साल से कांगड़ा और हमीरपुर की महिलाएं मतदान में पुरुषों को पछाड़ रही हैं। अमूमन पुरुष सक्रिय राजनीति में ज्यादा दिखाई पड़ते हैं, लेकिन जब मतदान की बात आती है तो घर की चार दीवारी से महिलाएं बाहर निकलकर लोकतंत्र को मजबूत करने में पुरुषों से आगे रहती हैं। ऐसा पिछले दो लोकसभा चुनाव में कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की महिलाओं ने साबित कर दिया है। इन दोनों संसदीय क्षेत्रों में महिलाओं की मत प्रतिशतता पुरुषों के मुकाबले अधिक रही है, जो अन्य संसदीय क्षेत्र की महिलाओं के लिए भी एक सीख देती है। वर्ष 2009 में कांगड़ा में महिला मतदाताओं की संख्या 336252 रही, जो कुल मतदान का 50.8 प्रतिशत थी। यहां पर पुरुष मतदाता 49.2 फीसदी दर्ज हुए यानि कुल 325470 पुरुषों ने मतदान किया। इसी प्रकार हमीरपुर में भी महिलाओं ने मतदान में पुरुषों को पीछे छोड़ा। यहां पर 52.9 फीसदी यानी 368817 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, जबकि पुरुष मतदाता की प्रतिशतता 47.1 यानी 328646 ही रही। शिमला में महिला 45.4 प्रतिशत और मंडी में 49.1 प्रतिशत महिलाआें ने वोट डाले। लोकसभा चुनाव 2014 में कांगड़ा में मतदान में फिर महिलाओं ने बाजी मारी। यहां पर महिला मतदान 51.1 प्रतिशत रहा। कुल 408414 महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया, वहीं पुरुष मतदाता की संख्या 391512 रही, जो कुल 48.9 प्रतिशत थी। हमीरपुर में भी महिला मतदान 52.5 प्रतिशत रहा। यहां पर 438467 महिलाओं ने मत डाले। पुरुष यहां भी मतदान में पिछड़ गए। पुरुषों की मतदान प्रतिशतता 47.5 यानी 397277 ने मत डाला। मंडी और शिमला लोस क्षेत्र में 2014 में भी पुरुष मतदाताओं का दबदबा रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App