कांग्रेस का गुस्सा फूटा…सत्ती का पुतला फूंका

By: Apr 17th, 2019 12:10 am

शिमला —भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणियों से बिफरे कांग्रेस के वर्करों ने शिमला में सतपाल सिंह सत्ती का पुतला फूंका और कहा कि भाजपा के नेता अपना आचरण सुधारें वरना ठीक नहीं होगा। वर्करों ने यहां कांगे्रस कार्यालय से लेकर जिलाधीश कार्यालय तक रोष रैली निकाली। इस प्रदर्शन में शिमला शहरी व शिमला ग्रामीण के नेता व कार्यकर्ता शामिल थे। शहरी अध्यक्ष अरुण शर्मा की अगवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय में एकत्रित हुए तथा नारेबाजी करते हुए लोअर बाजार से होते हुए उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठे।  इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व उनके द्वारा मंच से दिए गए ब्यान की कड़े शब्दों में भर्त्सना की। सत्ती के ब्यान से गुस्साए कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला भी फूंका। उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शहरी अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि राजनीति का इससे निम्न स्तर उन्होंने आज तक नहीं देखा है, जहां एक प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान व्यक्ति अपने शब्दों का चयन भी सही ढंग से न कर पाएं। विपक्ष से विचारधारा की लड़ाई सदियों से चली आ रही है परंतु भाजपा द्वारा यह अनोखी पौध तैयार की जा रही है जहां न शब्दों की मर्यादा है न बड़े छोटे का कोई मान सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष सस्ती लोकप्रियता हासिल करने हेतु मंच से जिस तरह के आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, यह उनका मानसिक दिवालियापन दर्शा रहा है। उन्होंने सत्ती पर निशाना साधते हुए कहा कि एक प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते न सही एक हिमाचली होने के नाते ही वह यह सोच लेते कि वह जो भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं, क्या कोई सभ्य समाज उसे स्वीकार करेगा? अरुण शर्मा ने कहा कि यह विधानसभा में मिली हार कि बौखलाहट है या लोकसभा में सीटें गवाने का भय? किस कारण भाजपा अध्यक्ष इतने बोखलाए हुए हैं कि उनसे अपने शब्दों पर ही नियंत्रण नहीं रखा जा रहा है। आज जो माहौल भाजपा के लोगों ने बनाया है, यह मात्र उसका एक उदाहरण भर है जिनके राष्ट्रीय अध्यक्ष व राष्ट्रीय नेता अपशब्दों से विपक्ष व उनसे पूर्व रहे नेताओं को संबोधित करते हों। ऐसे संगठन से और क्या आशा की जा सकती है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता व मुख्यमंत्री जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करें कि उनकी अपने अध्यक्ष के ब्यान पर क्या प्रतिक्रिया है। उन्होंने सत्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एलान किया कि जब तक वह माफी नहीं मांगते उनके खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेंगे। चुनाव आयोग के साथ कांग्रेस महिला आयोग में भी जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश महिला अध्यक्ष  जैनब चंदेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि महिलाओं का सम्मान करना भाजपा के नेताओं को नहीं आता। देश की महिलाएं इस बार उन्हें दिखाएंगी कि महिला का रूतबा क्या होता है। चंदेल ने कहा कि महिला सम्मान के नाम पर बड़े बड़े होर्डिंग लगाने वाले भाजपा के लोग महिलाओं और बुजुर्गों का  कैसा सम्मान करते हैं, यह देश देख रहा है। इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव महेश्वर चौहान, हरीकृष्ण हिमराल, समेत काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App