कांग्रेस के तीन विधायक मैदान में

By: Apr 8th, 2019 12:02 am

शिमला।जीते तो होंगे उपचुनाव, कांगड़ा से काजल, हमीरपुर से रामलाल, शिमला से शांडिल शिमला -लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने तीन विधायकों को दांव पर लगा दिया है। यह तीनों जीते तो यहां उप चुनाव होना तय है और ऐसे में इन विधानसभा क्षेत्रों में राजनीति क्या करवट लेगी यह कहा नहीं जा सकता। विधानसभा में कांग्रेस के 21 विधायक हैं और इनमें से तीन को लोकसभा चुनाव में उतारा गया है। दिलचस्प बात यह भी है कि पार्टी को 41 लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया था, जिसमें से केवल धनी राम शांडिल ऐसे हैं, जिनको टिकट मिल सका। शेष लोगों में से आखिर में किसी एक का भी नाम कंसीडर नहीं हुआ। मंडी से आश्रय को दिल्ली से टिकट मिल गई, वहीं कांगड़ा से पवन काजल व हमीरपुर से राम लाल ठाकुर ने भी टिकट के लिए अप्लाई नहीं किया था। बावजूद इसके पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है। अपने विधायकों पर कांगे्रस ने दांव खेला जो कैसा बैठेगा, यह समय तय करेगा। वैसे माना जाए तो इसमें तीन टिकट वीरभद्र सिंह की पसंद के ही हैं क्योंकि यह लोग उनके कैंप से जुड़े हुए हैं। शिमला से धनी राम शांडिल भी वीरभद्र सिंह से जुड़े हुए हैं वहीं हमीरपुर से राम लाल ठाकुर उनके पुराने कट्टर समर्थकों में से एक हैं। हालांकि उन्होंने टीम सुक्खू में रहकर भी संगठन का काम किया है, लेकिन उनकी आस्थाएं वीरभद्र सिंह से जुड़ी हुई हैं। वहीं कांगड़ा से पवन काजल भी उनके साथ जुड़े हैं, जिन्हें वीरभद्र सिंह भी पसंद करते हैं। उनके समय में ही उनकी कांग्रेस में एंट्री हुई थी। मंडी में पंडित सुखराम के साथ उनका आंकड़ा सही नहीं है लिहाजा यहां पर अभी कशमकश चल रही है। फिलहाल कांग्रेस के तीन विधायक चुनाव मैदान में हैं। इन तीनों की जीत यहां विधानसभा के समीकरणों को बदल सकती है। विधानसभा के भीतर कांगे्रस पहले से काफी कम संख्या में है, जिस पर अब तीन विधायकों का दांव पर लगाया गया है। राज्य में भाजपा की सरकार को अभी एक ही साल हुआ है और अपनी परफॉर्मेंस के आधार पर वह उप चुनाव में जाएगी। ऐसे में कुछ भी हो सकता है। भविष्य की सोच को अभी कांग्रेस ने भले ही सामने ना रखा हो परंतु उप चुनाव हुए तो उसे विधानसभा में नफा-नुकसान झेलने को भी तैयार रहना होगा। कांगड़ा और शिमला संसदीय क्षेत्र में तो वैसे भी उप चुनाव तय ही है क्योंकि यहां से भाजपा ने भी विधायकों पर ही दांव खेला है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App