गढ़वाल सीट पर बेटा शिष्य आमने-सामने

By: Apr 7th, 2019 12:01 am

देहरादून -उत्तराखंड की चर्चित लोकसभा सीट पौड़ी गढ़वाल में इस बार राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जरनल बीसी. खंडूरी के पुत्र और शिष्य के बीच रोचक मुकाबला है। इस सीट पर श्री खंडूर के पुत्र मनीष खंडूरी कांग्रेस के बैनर तले चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं भाजपा ने श्री खंडूरी के शिष्य तीरथ सिंह रावत को मैदान में उतारा है। कभी कांग्रेस की परंपरागत सीट माने जाने वाली इस सीट पर देश की राजनीति में धुरंधर माने जाने वाले नेता हेमवंती नंदन बहुगुणा चुनाव जीत चुके हैं। उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद से बड़े उलट फेर होते रहे है। भौगोलिक रूप से काफी बड़ी क्षेत्रफल वाली पौड़ी गढ़वाल सीट में चमोली, पौड़ी, रूद्रप्रयाग जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इसके अलावा टिहरी जनपद के देवप्रयाग और नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र भी इसमें शामिल है। इस सीट में कुल 13 लाख 37 हजार 306 मतदाता हैं, जिसमें छह लाख 98 हजार 981 पुरुष तथा छह लाख 38 हजार 311 महिला मतदाता हैं। जातिगत समीकरण को देखा जाए, तो यहां पर करीब 62 प्रतिशत ठाकुर, 22 प्रतिशत ब्राह्मण तथा 12 प्रतिशत अनुसूचित जन जाति के मतदाता शामिल है। भाजपा ने 2004 में कुल 52 प्रतिशत मत प्राप्त करके विजय हासिल की थी जबकि 2009 में कांग्रेस ने यहां पर विजय प्राप्त की थी। पिछले 2014 के चुनाव में भाजपा के मेजर जनरल खण्डूरी ने चार लाख 56 हजार से भी अधिक वोट प्राप्त करके कांग्रेस के हरक सिंह रावत को दो लाख से भी अधिक मतों से हराया था। पिछले लोकसभा चुनाव के बाद माहौल में काफी बदलाव हुआ है। वर्ष 2014 के बाद जितने भी चुनाव हुए उसमें भाजपा का ग्राफ लगातार गिरता हुआ दिखाई दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App