जल्द बेचें स्टोर किया बिरोजा

By: Apr 7th, 2019 12:02 am

बिलासपुर —बिलासपुर की बिरोजा एवं तारपीन फैक्टरी में डंप लगभग 150 ट्रकों की क्षमता के बिरोजे पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) ने कड़ा संज्ञान लिया है। इस समय फैक्टरी में 13760 क्विंटल पक्का बिरोजा स्टोर है, जिसे काफी समय से खरीददार नहीं मिल रहे हैं। सचिव ने फैक्टरी प्रबंधन को स्टोरेज बिरोजे के जल्द से जल्द विक्रय के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही फैक्टरी को दो के बजाय तीन शिफ्टों में चलाने के लिए भी कहा गया है। जानकारी के मुताबिक अतिरिक्त मुख्य सचिव वन राम सुभग ने बिरोजा एवं तारपीन फैक्टरी बिलासपुर की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उनके साथ मुख्य अरण्यपाल एवं प्रबंध निदेशक बीडी स्याल भी मौजूद रहे। उन्होंने फैक्टरी महाप्रबंधक नीना देवी, कारखाना प्रबंधक सुकल्प शर्मा, एसीएफ अश्वनी शर्मा व वरिष्ठ रसायनज्ञ अजयंत पंडित व सहायक प्रबंधक रामनाथ शर्मा आदि के साथ बैठक कर व्यवस्था जांची। कारखाना प्रबंधन की ओर से प्रधान सचिव को तमाम कार्रवाई के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध करवाई गई। प्रधान सचिव ने फैक्टरी के हर सेक्शन का निरीक्षण किया और प्रबंधन को जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए। प्रबंधन के साथ मीटिंग कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कहा और इस दौरान कारखाने में कार्यरत वर्कर्ज के साथ मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी जानीं। दरअसल, कारखाने के अंदर 24995.92 क्विंटल कच्चा बिरोजा अभी तक प्रोसेस करने के लिए रखा हुआ है और दो शिफ्टों में कार्य होने के चलते विलंब हो रहा है, जिस पर संज्ञान लेते हुए प्रधान सचिव ने प्रबंधन को फैक्टरी तीन शिफ्टों में चलाने के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधान सचिव ने 13760 क्विंटल पक्का बिरोजा फैक्टरी में स्टोरेज होने पर भी संज्ञान लिया और निर्देश जारी किए कि इस बिरोजे के विक्रय को लेकर प्रक्रिया तेज की जाए।

मीटिंग में रखा जाएगा ग्रेड-पे का मसला

वन विभाग के प्रधान सचिव ने बिलासपुर दौरे के दौरान बिरोजा फैक्टरी वर्कर्ज यूनियन के साथ मीटिंग की, जिसमें वर्कर यूनियन के प्रधान बाबूराम चौधरी, उपप्रधान प्यार सिंह, सचिव भोलादत्त और मुख्य सलाहकार नरेश कुमार इत्यादि मौजूद रहे। यूनियन ने प्रधान सचिव को मांगपत्र सौंपा जिसमें वर्ष 2012 से तय ग्रेड-पे का मसला उठाया गया, जिस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने आश्वस्त किया कि निदेशक मंडल की मीटिंग में ग्रेड-पे का मामला रखा जाएगा। इसके साथ ही फैक्टरी में रिक्त पदों के मसले पर कार्रवाई करने और वर्करज को पदोन्नति दिए जाने का आश्वासन भी दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App