दारू की फैक्टरियोें पर पुलिस का पहरा

By: Apr 21st, 2019 12:20 am

शराब की सप्लाई के साथ सियासी दलों पर भी रहेगी खाकी की नजर

 शिमला —प्रदेश में शराब की फैक्टरियों पर हिमाचल पुलिस और चुनाव आयोग की नजरें टिकी हुई हैं। प्रदेश में इस वक्त 26 ऐसी फैक्टरियां हैं जहां से राज्य और राज्य से बाहर भी शराब की सप्लाई होती है। इसे देखते हुए राज्य निर्वाचन विभाग ने सभी 26 फैक्टरियों पर नजर रखने के लिए हिमाचल पुलिस को हिदायतें दी हैं। ऐसे में इन फैक्टरियों से सप्लाई होने वाली शराब पर नजर रखी जा रही है। बताया गया कि सोलन जिला के बद्दी में सबसे अधिक आठ शराब की फैक्टरियां हैं, जबकि हमीरपुर में एक, कांगड़ा में चार, सिरमौर में छह, सोलन में तीन और ऊना जिला में भी तीन फैक्टरियां हैं, जहां से शराब की सप्लाई की जाती है। राज्य निर्वाचन विभाग ने हर फैक्टरी पर एक-एक पुलिस जवान तैनात कर दिया है। इसके अलावा प्रदेश के 54 ऐसे पोलिंग बूथ हैं, जहां पूर्व में अपराध के मामले पाए गए हैं। ऐसे में उन क्षेत्रों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला बिलासपुर में तीन, चंबा में तीन, हमीरपुर में तीन, कांगडा में नौ, कुल्लू में तीन, लाहुल-स्पीति में तीन, मंडी में छह, शिमला में छह, सिरमौर में छह, सोलन में तीन और ऊना में भी तीन ऐसे पोलिंग बूथ हैं, जहां पूर्व में आपराधिक घटनाएं घट चुकी हैं। इन पोलिंग बूथ पर एक-एक अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किया गया है। इस बार लोकसभा चुनावों के लिए प्रदेश में केंद्र की 45 सुरक्षा कंपनियां मोर्चा संभालेंगी। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने केंद्र से 45 कंपनियां मांगी हैं, जो सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस की होंगी। इसके लिए केंद्र ने मंजूरी भी दे दी है। इसके अलावा हिमाचल पुलिस ने प्रदेश सरकार से 1400 गृहरक्षकों की भी सेवाएं मांगी हैं, जो हरियाणा और उत्तराखंड से आएंगे।  हरियाणा और उत्तरखंड से 700-700 होमगार्ड्स चुनाव के दौरान ड्यूटी देंगे। ये सभी कंपनियां मतदान यानी नौ मई से प्रदेश के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों पर मुस्तैद रहेंगी। बताया जा रहा कि हिमाचल पुलिस के पास वर्तमान में 17 हजार के करीब कर्मचारी हैं, जिनकी ड्यूटी पहले ही सुनिश्चित की गई है। पड़ोसी राज्यों में अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App