दूसरे संघों से देना होगा त्यागपत्र

By: Apr 4th, 2019 12:01 am

कोर्फबाल फेडरेशन के पदाधिकारी अन्य संगठनों से नहीं जुड़ेंगे

मंडी – अखिल भारतीय कोर्फबाल फेडरेशन की बैठक महार्र्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक हरियाणा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोर्फबाल फेडरेशन के अध्यक्ष मनुज चौहान ने की। इस दौरान कोर्फबाल खेल को देशभर में बढ़ावा देने के लिए महत्त्वपूर्ण फैसले लिए गए। सर्व प्रथम निर्णय लिया गया कि कोर्फबाल फेडरशन का अध्यक्ष, महासचिव व कोषाध्यक्ष किसी दूसरे खेल संघ का पदाधिकारी नहीं होगा। इसके लिए फेडरेशन को लिखित रूप में शपथ पत्र देना होगा। ऐसा ही शपथ पत्र सभी राज्यों के महासचिवों को भी देना होगा। इस निर्णय के बाद ऐसे पदाधिकारी को अपने पद से त्याग पत्र देना होगा। फेडरेशन में सभी राज्यों की पंजीकरण फीस पांच सौ से बढ़ाकर दो हजार रुपए तथा खिलाडि़यों की पंजीकरण फीस 30 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए की गई है। खिलाडि़यों की सुविधा के लिए प्रतियोगिताओं में भी फेरबदल किया गया है। अंतरराष्ट्रीय कोर्फबाल फेडरेशन की बैठक अगस्त माह में हॉलैंड में होगी। इसमें भारत के पदाधिकारी भी भाग लेंगे। इस अवसर पर फेडरेशन के महासचिव केके वर्मा, उपाध्यक्ष बीआर सुमन, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, उपाध्यक्ष प्रवीण मांडवेकर, इंद्र प्रकाश टिकेवाल, राजेश सैनी राजस्थान के अलावा 25 राज्यों के महासचिवों ने भाग लिया।

हिमाचल के बीआर सुमन नॉर्थ जोन के अध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल संघ के महासचिव व सरकाघाट के निवासी बीआर सुमन को फेडरेशन ने नॉर्थ जोन का अध्यक्ष नियुक्त किया है तथा हरियाणा के अशोक कुमार को महासचिव बनाया गया है। नार्थ जोन में कोर्फबाल खेल को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App