पालतू कुत्ते ने मार डाली मासूम

By: Apr 20th, 2019 12:20 am

सरकाघाट के रसेहड़ में दस माह की बच्ची की मौत, पहले भी चार लोगों को काट चुका है कुत्ता 

सरकाघाट —सरकाघाट उपमंडल की मसेरन पंचायत के रसेहड़ गांव में एक पालतू कुते द्वारा काटने से 10 महीने बच्ची की मौत हो गई है। रसेहड़ गांव के निवासी शशिपाल की दस माह की बच्ची वैष्णवी शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अपने घर के बरामदे में खेल रही थी। वैष्णवी को दूध पिलाने के बाद उसकी मां लीला देवी उसे बरामदे में छोड़ स्वयं कपड़े धोने चली गई। घर के बरामदे के एक कोने में उनका पालतू कुत्ता बंधा हुआ था। बच्ची घुटनों के बल चलती हुए धीरे-धीरे से कुत्ते के निकट पहुंच गई। इतने में कुत्ते ने बच्ची को झपटा मार कर अपनी ओर खींच लिया तथा उसी समय उसको सिर से काटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। थोड़ी देर उसकी मां बाहर आई तो बच्ची को कुत्ते के मुंह से छुड़ाया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उसका पति शशिपाल आसपास के लोगों ने फोन पर घटना के बारे में सूचना दी। ग्रामीणों ने घायल वैष्णवी को नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से घायल वैष्णवी को नहीं बचाया जा सका। बच्ची ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पालतू कुत्ता इससे पहले भी चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में छानबीन शुरू कर दी है। उधर, सरकाघाट के तहसीलदार हुश्न चंद चौधरी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि पीडि़त परिवार को  नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App