पिता नहीं, ससुर पार लगाएंगे आश्रय की सियासी नाव

By: Apr 3rd, 2019 12:20 am

मंडी में प्रत्याशी के ससुर राजीव गंभीर ने संभाला मोर्चा, कांग्रेस ने बनाए संसदीय पर्यवेक्षक

मंडी —अपने दादा पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के साथ कांग्रेस में वापस लौटे आश्रय शर्मा के लिए संसदीय क्षेत्र में फील्ड सजना शुरू हो गई है। आश्रय के पिता अनिल शर्मा इस समय बेशक अपने बेटे के लिए खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं, लेकिन आश्रय को चुनावी समर में पार लगाने के लिए उनके ससुर राजीव गंभीर ने अब मोर्चा संभाल लिया है। दिल्ली के व्यवसायी व कांग्रेस के पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में शामिल राजीव गंभीर को कांग्रेस हाईकमान ने मंडी संसदीय क्षेत्र के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी हैं।  कांग्रेस हाईकमान ने राजीव गंभीर को मंडी संसदीय क्षेत्र का पर्यवेक्षक नियुक्ति किया है। इसके बाद रविवार से राजीव गंभीर ने मंडी में अपना डेरा जमा लिया है। मंडी पहुंचते ही राजीव गंभीर ने जिला के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकें की हैं। उन्होंने विशेष रूप से पंडित सुखराम की हिमाचल विकास कांग्रेस के समय की टीम को भी फिर से एक्टिव कर दिया है। इस समय पूरे संसदीय क्षेत्र में पंडित सुखराम के समर्थकों की एक पूरी टीम मौजूद है, जो आश्रय शर्मा के लिए काम पर लग गई है। इन लोगों के साथ बैठकें कर आश्रय शर्मा की चुनावी दौरों की रूप रेखा पूरी तरह से तैयार कर ली गई है। बता दें कि आश्रय शर्मा की शादी सात दिसंबर, 2015 को राजीव गंभीर की बेटी राधिका गंभीर के साथ हुई थी। इसके बाद अब आश्रय शर्मा के लिए उनके ससुर भी चुनाव मैदान में उतरे हैं।

टिकट मिलने से पहले ही सौंप दी थी जिम्मेदारी

कांग्रेस नेता राजीव गंभीर को हाईकमान ने आश्रय शर्मा को टिकट देने से पहले ही मंडी संसदीय क्षेत्र का पर्यवेक्षक बना दिया था, जबकि आश्रय शर्मा को उसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने टिकट दिया है। इस बात को लेकर भी कई दिनों तक चर्चा होती रही थी। अपने जमाई व कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए अब राजीव गंभीर ही पूरी प्लानिंग व चुनावी कैंपेन बनाने में लगे हुए हैं।

अन्य जिलों से पहुंचे सुखराम समर्थक

पंडित सुखराम के समर्थकों की संख्या प्रदेश भर में काफी ज्यादा है और इनमें से कई लोगों ने अब मंडी में डेरा भी डाल दिया है। ये लोग आश्रय शर्मा के लिए अब काम करते हुए नजर आएंगे। सभी एकजुट होकर आश्रय का सहारा बनने को तैयार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App