प्रचार को शिमला पहुंचे आनंद शर्मा

By: Apr 23rd, 2019 12:02 am

आज नामांकन भरते वक्त रहेंगे पार्टी प्रत्याशी शांडिल के साथ

शिमला —लोकसभा चुनाव के लिए भरे जाने वाले नामांकन पत्र से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा में उपनेता आनंद शर्मा सोमवार को शिमला पहुंचे। मंगलवार से पार्टी प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे। इसके मद्देनजर वह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के साथ शिमला पहुंचे। रजनी पाटिल ने बताया कि राहुल गांधी के साथ-साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा सहित कई केंद्रीय नेता स्टार प्रचारक होंगे। हिमाचल में मतदान अंतिम चरण में हैं और इसे देखते हुए राहुल गांधी की रैली अगले महीने आयोजित की जाएगी। अभी तक तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन राहुल गांधी हिमाचल में कम से कम चार रैलियों को संबोधित करेंगे। आनंद शर्मा मंगलवार को शिमला सीट से पार्टी प्रत्याशी धनीराम शांडिल के नामांकन भरते वक्त  साथ रहेंगे। उसके बाद 25 अप्रैल को मंडी में पार्टी प्रत्याशी आश्रय शर्मा और हमीरपुर में पार्टी प्रत्याशी रामलाल ठाकुर के साथ रहेंगे। कांगड़ा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल 29 अप्रैल को नामांकन भरेंगे, लेकिन अभी तक आंनद शर्मा को प्रोग्राम तय नहीं हुआ है। इस बार के लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा एक मंच पर दिखेंगे। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आंनद शर्मा और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से चुनावी गतिविधियों पर चर्चा भी की।

जांची गतिविधियां

कांग्रेस प्रभारी ने सोमवार को काग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चुनावी गतिविधियों का जायजा लिया। आनंद शर्मा और कुलदीप सिंह राठौर के साथ पीटरहॉफ में हुई बैठक के बाद वह राजीव भवन पहुंचीं। यहां पर राठौर सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अगामी रणनीति पर चर्चा की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App