प्रदेश में 22 अप्रैल तक मौसम साफ

By: Apr 20th, 2019 12:20 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, पहाड़ों पर 23 अपै्रल से फिर होगी बारिश

 शिमला  —हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिन तक मौसम खराब रहने के बाद शुक्रवार को मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। राज्य में धूप खिलने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 22 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि राज्य में 23 अप्रैल से मौसम फिर करवट लेगा। विभाग ने पहाड़ों पर 23 अप्रैल से बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य में यह क्रम 25 अप्रैल तक जारी रहेगा।राज्य भर में मौसम साफ  रहने से अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री का उछाल आया है। भुंतर के अधिकतम तापमान मे सबसे अधिक छह डिग्री की बढ़ोतरी आंकी गई है। इसके अलावा सुंदरनगर, कल्पा, ऊना, कांगड़ा व हमीरपुर में पांच, डलहौजी, बिलासपुर, शिमला में चार तथा चंबा व धर्मशाला में तीन डिग्री तक तापमान चढ़ा है। हालांकि शुकवार को कई स्थानों पर दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे, मगर तापमान में आए उछाल से लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिली है। राज्य के अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोेतरी रिकार्ड की गई है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री का उछाल आंका गया है। हालांकि राज्य के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी आई है, मगर राज्य में अभी भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 22 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि राज्य में 23 अप्रैल से फिर बारिश होगी।

शिमला-सोलन-डलहौजी में बारिश

राज्य के शिमला, सोलन, कुफरी, मशोबरा, भरमौर, सराहन और रेणुकाजी में शुक्रवार को बारिश हुई है। शिमला में सबसे अधिक 26 मिलीमीटर बारिश आंकी गई है। इसके अलावा मशोबरा में छह, कुफरी, भरमौर, सोलन में पांच, सराहन व रेणुका में दो मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App