बिलासपुर कांग्रेस में घमासान

By: Apr 1st, 2019 12:20 am

 शिमला —बिलासपुर जिला कांगे्रस में सुरेश चंदेल की संभावित एंट्री को लेकर मचे घमासान पर जल्द कार्रवाई हो सकती है, क्योंकि यह मामला सीधे कांग्रेस हाइकमान से जुड़ा है। लिहाजा प्रदेश कांग्रेस ने इस पर स्थिति पार्टी हाइकमान को स्पष्ट कर दी है। बिलासपुर में सुरेश चंदेल के पुतले जलाने वालों पर कार्रवाई की सोची जा रही है। अभी पार्टी ने नोटिस नहीं दिए हैं, लेकिन एक-दो दिन में ये नोटिस दिए जाएंगे, जिसमें 15 दिन के भीतर उनसे जवाब मांगा जाएगा। जिला कांग्रेस के दो-तीन पदाधिकारी इस मामले में संलिप्त हैं, जिन पर कार्रवाई होगी। इनके मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष से भी बात हुई है। इस बीच वहां कार्यकारी अध्यक्ष लगाए जाने की बात भी सामने आई है, परंतु फिलहाल इसमें कोई सच्चाई नहीं है। बिलासपुर में कुछ नए पदाधिकारी शामिल किए जा रहे हैं, जिनकी सूची तैयार है, जिसे भी साथ ही जारी कर दिया जाएगा। पुराने पदाधिकारियों को फिलहाल हटाने की भी कोई बात नहीं है, जिसमें नए लोगों को शामिल किया जाना है। बिलासपुर कांग्रेस के आला नेताओं से चर्चा हो चुकी है। ठाकुर रामलाल व राजेश धर्माणी से इस मुद्दे पर बात हुई है। जिन दो या तीन पदाधिकारियों को उनके पदों से हटाया जाएगा, उनके मामले में रविवार को भी चर्चा की गई है। क्योंकि मामला हाइकमान के ध्यान में आया है और सुरेश चंदेल को पार्टी हाइकमान ही संगठन में लाने को लेकर चर्चा कर रही थी। अब हाइकमान के इशारे का इंतजार हो रहा है। कुछ लोगों को नोटिस देकर जवाब मांगे जाएंगे, तो कुछ को उनके पद से हटाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App