भाजपा के लिए टेंशन बने चंदेल

By: Apr 23rd, 2019 12:02 am

हमीरपुर —टिकट आबंटन से पूर्व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं के लिए परेशानी बने भाजपा के पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने कांग्रेस में शामिल होकर अब भारतीय जनता पार्टी की टेंशन बढ़ा दी है। भाजपा के कई बड़े नेता भी लोकसभा चुनावों की इस बेला में चंदेल की कांग्रेस में एंट्री को भाजपा के लिए शुभ संकेत नहीं मान रहे। खासकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र जहां से वर्तमान सांसद चौथी बार विजय पताका लहराने के लिए प्रयासरत हैं, वहां से चंदेल का भाजपा से यूं पलायन आने वाले समय के लिए सकारात्मक नहीं लग रहा। चंदेल की एंट्री से कांग्रेस की बांछें खिली हुई नजर आ रही हैं। सुरेश चंदेल हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार तीन बार सांसद रहे हैं। इसके अलावा वह एक बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। ऐसे में जाहिर है कि उनके काफी समर्थक हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर हैं। एक तरफ भाजपा जहां पूर्व मंत्री महेंद्र नाथ सोफत की वापसी को लेकर खुशियां मना रही है, वहीं दूसरी ओर सुरेश चंदेल की भाजपा में एंट्री से पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

उर्मिल ठाकुर पर नजर

सुरेश चंदेल की कांग्रेस में एंट्री के बाद अब सबकी नजरें भाजपा की पूर्व वरिष्ठ नेत्री और हमीरपुर की पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर पर हैं। अपना टिकट कटने के बाद लंबे समय से भाजपा से नाराज चल रहीं उर्मिल ठाकुर काफी समय से खामोश हैं। भाजपा समझ नहीं पा रही है कि उर्मिल ठाकुर का अगला कदम क्या होगा। हालांकि कुछ माह पहले चर्चा हुई थी कि उर्मिल जयराम ठाकुर से भेंट कर आई हैं।

 

निश्चित तौर पर जब कोई कार्यकर्ता पार्टी छोड़ता है तो नुकसान होता है। सुरेश चंदेल मेरे पुराने साथी हैं। कांग्रेस में जाना उनका व्यक्तिगत निर्णय है। उनकी कमी तो रहेगी। जहां तक उर्मिल ठाकुर की बात है, तो इस बारे में भजपा संगठन ही बता सकता है

प्रो. प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री

 

सुरेश चंदेल का कांग्रेस स्वागत करती है। कांग्रेस उनके सहयोग से प्रदेश की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी, ऐसा पार्टी को यकीन है। उर्मिल ठाकुर कांग्रेस की सदस्य हैं और वह कांग्रेस प्रत्याशी के लिए ही काम करेंगी। जल्द उनसे भेंट होगी

प्रेम कौशल, प्रवक्ता पीसीसी


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App