मंडी में कांग्रेस-भाजपा वीरभद्र के ‘सहारे’

By: Apr 7th, 2019 12:02 am

पंडित सुखराम से मिलने के बाद से आश्रय-रामस्वरूप की धुकधुकी बढ़ी

 मंडी —मंडी संसदीय सीट से इस बार बेशक पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनके परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ रहा है, लेकिन  इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सहारे हैं। मंडी संसदीय सीट पर अब हार-जीत पंडित सुखराम और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुकी है। ऐसे में जहां कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पूरे मन से चुनाव प्रचार में उतरने के लिए भगवान से दुआएं मांग रहे हैं। तो वहीं भाजपा व प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा के समर्थकों की दिली इच्छा है कि वीरभद्र सिंह आश्रय शर्मा के लिए चुनाव प्रचार में न उतरें और अगर उतरें भी तो भाजपा के खिलाफ मंडी सीट पर अपना आक्रामक रुख न दिखाएं। मंडी जिला में भाजपा व कांग्रेस समर्थकों के बीच यह चर्चा आम सुनी जा सकती है। लोगों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ही इन हालातों में इस सीट पर कांग्रेस के लिए अकेले गेम चेंजर सिद्ध हो सकते हैं।  ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अगली रणनीति व 9 अपै्रल को मंडी में होने जा रहे कांगे्रस के संसदीय सम्मेलन पर कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा की भी नजरें टिकी हुई हैं। पंडित सुखराम कांग्रेस में मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से दिल्ली में गले तो मिल आए हैं, लेकिन उसके बाद भी वीरभद्र सिंह का मिजाज बदला नहीं है। हाल में ही आए उनके बयान के बाद तो कांग्रेस नेताओं के साथ भाजपाइयों के दिलें की धड़कनें भी बढ़ गई थी। यह वजह है कि 9 अपै्रल को होने वाले कांग्रेस सम्मेलन पर सबकी नजरें लगी हुई हैं।

हर हलके पर वीरभद्र सिंह की पकड़

इस सीट पर वीरभद्र सिंह परिवार 1998 से लगातार चुनाव लड़ता आया है। 1999 कौल सिंह ने एक बार बीच लोकसभा का चुनाव लड़ा था। 2009 में भाजपा सरकार होने के बाद भी अकेले वीरभद्र सिंह ने मंडी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि पिछले लोकसभा चुनावों में वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को कांग्रेस सरकार होने के बाद भी भाजपा के राम स्वरूप शर्मा ने हरा दिया था, लेकिन इस सीट के सभी 17 हल्कों में आज भी पूर्व मुख्यमंत्री का सबसे अधिक प्रभाव है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App