यूरोपीय संघ पर टैक्स लगाएगा अमरीका

By: Apr 10th, 2019 12:03 am

11.2 अरब डालर की वस्तुओं पर नया शुल्क लगाने पर विचार

लंदन –अमरीका यूरोपीय संघ (ईयू) से मंगाई जाने वाली 11.2 अरब डालर की वस्तुओं पर शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है। इन वस्तुओं में विमान हवाई जहाज से लेकर गाय के दूध का चीज और जैतून जैसी अनेक वस्तुएं हैं। अमरीका ने यूरोपीय विमान निर्माता कंपनी एयरबस को यूरोपीय संघ की सब्सिडी के जवाब में यह कदम उठाया है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ‘यूरोपीय संघ वर्षों से व्यापार में अमरीका का फायदा उठा रहा है। उन्होंने ट्वीटर पर एक संदेश में कहा, ‘विश्व व्यापार संगठन का निष्कर्ष है कि एयरबस को यूरोपीय संघ की ओर से दी जाने वाली सब्सिडी से अमरीका पर असर पड़ा है। अमरीका अब यूरोपीय संघ के 11 अरब डालर मूल्य के माल पर शुल्क लगाएगा।  अमरीका व्यापार में यूरोपीय संघ के साथ घाटे को कम करने के उपायों पर बातचीत के लिए उसके साथ पिछले साल से बातचीत कर रहा है। अमरीकी के व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय ने सोमवार को उन यूरोपीय संघ के उत्पादों की सूची जारी की, जिस पर कर लगाया जाएगा। अमरीका ने 2004 में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में शिकायत की थी कि यूरोपीय संघ एयरबस को अनुचित समर्थन दे रहा है। डब्ल्यूटीओ व्यापार और विवाद निपटाने के लिए नियम तैयार करता है। डब्ल्यूटीओ ने पिछले साल मई में दिए अपने फैसले में कहा था कि यूरोपीय संघ ने एयरबस को कुछ अवैध सब्सि़डी दी है, जिससे उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी बोइंग को नुकसान हुआ है। अमरीका को उम्मीद है कि डब्ल्यूटीओ इस गर्मी में होने वाली बैठक में यूरोपीय संघ की सब्सिडी के प्रभाव को कम करने के लिए जबावी उपाय कर सकता है। अब वह उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत करेगा ताकि जिन ईयू उत्पादों पर कर लगाया जाना है उनकी सूची तैयार की जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App