राफेल सौदे की जांच करायेगी कांग्रेस

By: Apr 2nd, 2019 3:22 pm
राफेल सौदे की जांच करायेगी कांग्रेस

नई दिल्ली – फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमान खरीद सौदे में घोटाले का आरोप लगा रही कांग्रेस ने कहा है कि सत्ता में आने पर वह इस सौदे सहित पिछले पांच साल में किये गये सभी सौदों की जांच करायेगी। कांग्रेस के आज यहां जारी घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार मिटाने पर जोर देेते हुए कहा गया है कि पार्टी सत्ता में आने पर बिना भेदभाव के भ्रष्टाचार विरोधी कानून को सख्ती से लागू करेगी। फ्रांस के साथ राफेल सौदे और पिछले पांच साल में भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा किये गये अन्य सौदों की भी जांच करायी जायेगी। पार्टी ने कहा है कि उन कारकों और परिस्थितियों की भी जांच की जायेगी जिनमें पिछले पांच वर्षों के दौरान अनेक भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों को देश छोड़ने की इजाजत दी गई। इन सभी भगोड़ों को वापस लाकर उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जायेगी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से सरकार को राफेल सौदे पर घेरने में जुटी है। श्री गांधी ने इस संबंध में कई बार सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा है और आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने उद्योगपति मित्र को फायदा पहुंचाया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App