विकास के लिए बजट को तरसा शिलाई

By: Apr 24th, 2019 12:01 am

हिमाचल में भाजपा सरकार का एक साल से ज्यादा का कार्यकाल पूरा हो चुका है और लोकसभा चुनाव भी सामने हैं। ऐसे में शिलाई विधानसभा क्षेत्र में इस दौरान कितना विकास हुआ और यह हलका कहां पिछड़ा, इस विषय पर विशेष रिपोर्ट पेश कर रहे हैं उदय भारद्वाज…

हर्षवर्धन चौहान

विधायक, शिलाई

विधानसभा क्षेत्र-शिलाई

कुल वोटर-65777 

महिला मतदाता- 29323, पुरुष मतदाता- 36454

विधानसभा शिलाई में सियासी शोर सुनाई देने लगा है। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए शिलाई के कांग्रेस विधायक व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव हर्षवर्धन चौहान ने अपनी पार्टी को बढ़त दिलाने के लिए कमर कस ली है। इस सीट पर 1955 से लेकर आज तक मात्र साढ़े सात वर्ष गैर कांग्रेसी विधायक रहा। इस सीट को कांग्रेस अपनी पुश्तैनी सीट मानती है। इसका प्रमाण इस बात से मिलता है कि 2014 में मोदी की सुनामी में भी यहां कांग्रेस को 2500 की बढ़त मिली थी। वहीं, यहां भाजपा भी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। वह भी साम-दाम दंड-भेद की नीति अपनाकर किसी भी सूरत में भाजपा प्रत्याशी को यहां से लीड दिलाने की कोशिश कर रही है। शिलाई कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष सीता राम शर्मा का कहना है कि बीते एक साल से यहां विकास की गति थम गई है। वर्तमान भाजपा के मुख्यमंत्री उन  योजनाओं का लोकार्पण कर रहे हैं जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वित्त पोषित हई हैं। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में उन्होंने विधायक निधि और विधायक प्राथमिकी से विभिन्न योजनाओं के तहत पनोग पंचायत में आठ लाख, जरवा पंचायत के लिए नौ लाख, शखोली पंचायत में सात लाख, शरली पंचायत के लिए 10 लाख, बालीकोटी के लिए पांच लाख, कांडो चियोग में 30 लाख के अलावा अन्य पंचायतों में पांच से सात लाख रुपए विधायक निधि विभिन्न विकास योजनाओं को दी है। वहीं, विधायक प्राथमिकता से पाब-क्याण सड़क के लिए 20 लाख, टिक्कर-कुनरे सड़क के लिए 20 लाख रुपए का बजट उपलब्ध करवाया है, लेकिन सरकार ने कोई भी विशेष बजट विधानसभा क्षेत्र को नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि 24 अक्तूबर को मुख्यमंत्री ने शिलाई अस्पताल का दर्जा बढ़ाया, लेकिन न तो यहां डाक्टर हैं, न ही अन्य स्टाफ। जब से भाजपा सरकार बनी है, वह विकास कार्यों की बजाय अदला-बदली में उलझ गई है। राजनीतिक द्वेष के चलते कर्मचारियों के तबादले से अधिकतर विभाग खाली हो गए हैं। हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई की भाग्यरेखा एनएच-707 के डबल लेन के विस्तार के लिए 125 करोड़ तथा शिलाई उठाऊ पेजयल योजना की 26 करोड़ की डीपीआर तैयार करवाकर बजट स्वीकृति को भेजी है। अन्य योजनाओं के अतिरिक्त ये योजनाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करवाई जाएंगी।

4125 मतों से मिली जीत

2017 के विधानसभा चुनावों में शिलाई से कांग्रेस उम्मीदवार हर्षवर्धन चौहान को 29171 मत पड़े, जबकि भाजपा प्रत्याशी बलदेव सिंह तोमर को 25046 वोट पड़े। इस तरह कांग्रेस उम्मीदवार यहां 4125 वोटों से चुनाव जीत गए।

कांग्रेस की योजनाओं का हो रहा लोकार्पण

शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि जिन योजनाओं का लोकार्पण हुआ, उन्हें बजट कांग्रेस सरकार ने दिया था। इसमें पीएचसी नैनीधार व जाखना को 75-75 लाख, फायर स्टेशन शिलाई, सतौन-पौका सड़क पर खाद में बना पुल, सतौन आईटीआई सहित कई योजनाएं कांग्रेस सरकार के समय बनी हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री ने केवल अपने नाम का पत्थर लगवाकर इनका लोकार्पण किया है। शिलाई सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनजातीय दर्जे का मुद्दा, नशाखोरी, बदला-बदली और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, गृहमंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम द्वारा की गई घोषणाएं भी भाजपा को परेशानी में डाल सकती हैं। शिलाई में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। एक दर्जन महिलाओं ने नशे के विरुद्ध प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था पर अंगुली उठाई है। उन्होंने कहा कि शिलाई की जनता सब कुछ जानती है। उन्होंने दावा किया कि शिलाई से लोकसभा के लिए कांग्रेस के पक्ष लोग ज्यादा मतदान करेंगे।                     

भाजपा सरकार ने दी करोड़ों की सौगातें

बलदेव तोमर

पूर्व विधायक

शिलाई के पूर्व विधायक व खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर भले ही चार हजार से अधिक मतों से चुनाव हार गए हैं, लेकिन लोकसभा चुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप की बढ़त का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि वर्तमान सरकार ने एक साल में यहां बहुत विकास किया है। शिलाई में सिंचाई विभाग का मंडल, रोनहाट में उपमंडल, शिलाई सीएचसी को अपग्रेड कर सिविल अस्पताल बनाना आदि करोड़ो रुपए की सौगातें शिलाई को मिली हैं। सीएम ने 24 अक्तूबर को शिलाई में दर्जनों घोषणाएं कर लोगों का विश्वास जीता है। अब जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल शासन पर विश्वास कर भाजपा को बढ़त दिलाएगी। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जमानत पर चल रहे हैं, जो किसी से नहीं छिपा है। लोग इनको क्यों वोट देंगे। जनता का विश्वास नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर विश्वास रख रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App