विदेशी टूअर पर जेट संकट के काले बादल

By: Apr 18th, 2019 12:02 am

मुंबई -जेट संकट का असर अब हवाई सफर के किराए पर पड़ता दिख रहा है। घरेलू फ्लाइट्स के साथ अब विदेशी फ्लाइट्स का किराया भी आसमान छू रहा है। जेट के इस वक्त सिर्फ पांच प्लेन परिचालन में हैं, जिनकी वजह से दिक्कत हो रही है। जिन जगहों पर जाने का किराया पहले हजारों में था, वो अब लाख तक पहुंच चुका है। सीधे तौर पर देखें तो किराया तीन गुना तक बढ़ गया है। इसे लंदन के उदाहरण से समझिए। अगर किसी को 22 अप्रैल को मुंबई से लंदन जाना है तो उसे 1.8 लाख रुपए खर्चने होंगे। यह फ्लाइट 19 घंटे की है, जो चीन होते हुए जाएगी। अगर किसी को दिल्ली से लंदन जाना है, तो किराया 93 हजार रुपए है। इसमें सफर 16 घंटे का है और फ्लाइट मिलान होते हुए जाएगी। हवाई सफर का किराया इस हफ्ते भी कुछ कम नहीं है। अगर किसी को 17 या 18 अप्रैल को मुंबई से लंदन जाना है तो उसे एक लाख रुपए देने होंगे।  जानकार मानते हैं कि ऐसा जेट एयरवेज के प्लेन न उड़ने की वजह से हो रहा है। गर्मी के सीजन में मुंबई से लंदन का किराया हद से हद 37 हजार से 50 हजार के बीच रहता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App