संसद की आवाज बनने को ‘अंडर-50’ की परीक्षा

By: Apr 28th, 2019 12:02 am

शिमला —संसद में हिमाचल की आवाज बनने के लिए प्रदेश के अंडर-50 आयु वाले प्रत्याशियों की परीक्षा शुरू हो चुकी है। हालांकि इस बार के चुनाव में 50 वर्ष की आयु से अधिक वाले प्रत्याशी भी मैदान में उतर चुके हैं, लेकिन जोश युवाओं में देखा जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा दोनों से इस बार चार ऐसे प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं, जो 50 वर्ष की आयु से भी कम हैं। ये चारों उम्मीदवार अभी 50 के भी नहीं हुए। इस बार सबसे कम आयु वाले मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा हैं। वह 32 साल की उम्र में संसद की आवाज बनने का सपना देख रहे हैं। इसी तरह से हमीरपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर 44, कांगड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल 45 और शिमला संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप 47 वर्ष के हैं।  कुलमिला कर ये चारों प्रत्याशी इस बार सबसे युवा हैं। इसी तरह से सबसे अधिक उम्र के प्रत्याशी की बात करें तो शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कर्नल धनीराम शांडिल 78 साल के हैं। इसी तरह से हमीरपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर 68, कांगड़ा से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर 67 और मंडी सीट से भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा अभी 60 साल के हुए हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कांगड़ा और मंडी से 60 पार को मौका दिया, जबकि शिमला और हमीरपुर में युवा पर भरोसा जताया है। हालांकि राजनीति में कोई उम्र मायने नहीं रखती है, लेकिन भाजपा ने इस बार 70 से अधिक आयु वाले नेताओं को टिकट नहीं दिया। कुलमिलाकर इस बार रोचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

28 साल की उम्र में ही सांसद बन गए थे वीरभद्र

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सांसद बनने के लिए भी रिकार्ड कायम किया है। वीरभद्र सिंह 1962 में महासू संसदीय सीट से लोकसभा का चुनाव जीते थे। उस वक्त उनकी आयु 28 वर्ष थी। यही नहीं,  2008 के उप चुनाव में अनुराग सिंह ठाकुर पहली बार मैदान में उतरे थे तो वे 33 वर्ष के थे।

मंडी में शर्मा बनाम शर्माहमीरपुर में दोनों ठाकुर

इस बार के लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर मुकाबला कड़ा होने के आसार हैं। मंडी सीट पर शर्मा बनाम शर्मा और हमीरपुर सीट पर दो ठाकुरों में जंग छिड़ चुकी है। मंडी में भाजपा के राम स्वरूप शर्मा और कांग्रेस के आश्रय शर्मा, हमीरपुर से कांग्रेस के रामलाल ठाकुर और भाजपा के अनुराग ठाकुर में जंग चल रही है।

शिमला में फौजियों की जंग

शिमला संसदीय सीट पर दो पूर्व फौजियों में सियासी जंग शुरू हो चुकी है। कांग्रेस के धनीराम शांडिल सेवानिवृत्त कर्नल हैं और भाजपा के सुरेश कश्यप नेवी से सेवानिवृत्त हैं। कांगड़ा संसदीय सीट पर गद्दी बनाम ओबीसी के मध्य मैदान-ए-जंग चल रही है।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App