सत्ती के खिलाफ उबली कांग्रेस, प्रदेश भर में प्रदर्शन

By: Apr 17th, 2019 12:06 am

अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने पर सभी जिलों में विरोध स्वरूप जलाए पुतले

शिमला —भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती के खिलाफ मंगलवार को पूरे प्रदेश में कांग्रेस का गुस्सा फूटा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष के पुतले फूंके और उनके खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश के हर जिला मुख्यालय में यह विरोध दर्ज किया गया। नेताओं ने भाजपा अध्यक्ष से उनके व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होता है, तो विरोध जारी रहेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों से कांग्रेसी नाराज है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सत्ती ने  राहुल गांधी का ही नहीं, अपितु देश की सभ्यता का भी घोर अपमान किया है, जिस के लिए उन्हें तब तक माफ  नहीं किया जा सकता, जब तक वहो देश से माफी नहीं मांगते। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की अभद्र भाषा उनकी मानसिकता को दर्शाती है और महिलाओं के प्रति भाजपा की हीन भावना का भी इस वक्तव्य से पता चलता है। साथ ही सत्ती ने दलित वर्ग का भी अपने भाषण में अपमान किया है। लगता है अपनी हार देख भाजपा के लोग बौखला गए हैं और इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्ती के विरोध में उनका पुतला फूंका। शिमला समेत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में धरने दिए गए। शिमला में इस दौरान रैली भी निकाली गई। कांगे्रस के मुख्य संगठन के पदाधिकारियों के साथ अग्रणी संगठनों के नेता व कार्यकर्ता भी इस धरने में शामिल हुए। कांग्रेस की आगामी रणनीति है कि यदि सतपाल सत्ती माफी नहीं मांगते हैं तो उनका घेराव किया जाएगा। इस रणनीति को लेकर सभी अग्र्रणी संगठनों के साथ बातचीत होगी और जहां पर भी भाजपा अध्यक्ष जाएंगे वहां पर उनके घेराव का कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। कांग्रेस को भाजपा के खिलाफ यह एक  बड़ा मुद्दा हाथ लगा है। राजनीति के गिरते स्तर को लेकर चर्चाएं गर्म हो चुकी हैं। कांग्रेस इस मामले में खामोश नहीं बैठेगी और आला नेताओं के साथ इसपर लगातार विचार चल रहा है। एक दूसरे के खिलाफ इस तरह के बयानों पर देश के दूसरे राज्यों में भी हंगामा मचा हुआ है और इसी तरह का हाल अब हिमाचल जैसे शांत राज्य का भी है, जहां पर बयानबाजी पर घेराबंदी की राजनीति शुरू हो चुकी है।

सत्ती के बोल पर भाजपा के बड़े नेता चुप क्यों?

ऊना— नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सतपाल सत्ती के बयान पर भाजपा के बड़े नेताओं की चुप्पी पर कड़ा निशाना साधा है। मंगलवार को जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सत्ती ने तीन दिन पहले कांग्रेस  के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, वहीं एक पंथ अनुयाइओं पर अनावश्यक टिपण्णी की, जो कि गलत है। हैरानी की बात है कि सत्ती की बदजुबानी को भाजपा के वरिष्ठ नेता व मुख्यमंत्री संरक्षण देने का प्रयास कर रहे हैं।

सत्ती के चुनाव प्रचार पर लग सकती है रोक

मुख्य चुनाव अधिकारी देवेश कुमार ने आयोग को भेजी विस्तृत रिपोर्ट

शिमला —प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती को अपने बड़बोलेपन की भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। सोलन के रामशहर तथा ऊना में की गई अभद्र टिप्पणी पर केंद्रीय चुनाव आयोग सत्ती के चुनाव प्रचार पर रोक लगा सकता है। हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। इस आधार पर चुनाव आयोग बुधवार शाम तक अपना फैसला सुना सकता है। यह मामला भारतीय निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय सर्वोच्च कमेटी को भेजा गया है। इससे पहले 24 घंटों के भीतर सत्ती को अपनी टिप्पणियों पर स्थिति स्पष्ट करने का समय दिया गया है।  सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व उनके परिवार पर टिप्पणियां की हैं। खास कर चुनाव आयोग को सत्ती के मुंह से निकले  पांच अक्षरों की गाली अखरी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा दर्ज की गई शिकायत पर सतपाल सत्ती के खिलाफ  कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि सत्ती को आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन द्वारा नोटिस जारी कर उन्हें 24 घटों के भीतर इसका जवाब देने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त बद्दी पुलिस द्वारा उनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 294 के तहत  प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस सारी प्रक्रिया की रिपोर्ट चुनाव आयोग को भी भेज दी गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी को कार्रवाई के आदेश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि धर्मशाला  के अधिवक्ता विनय शर्मा द्वारा अपने फेसबुक पेज पर सत्ती के खिलाफ  आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी कांगडा़ को कार्रवाई रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि कविनय शर्मा द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई है।

ऊना में कांग्रेसियों और पुलिस में झड़प

ऊना —भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के बिगड़े बोल पर उपजा विवाद थमने का नाम नही ले रहा है। राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को ऊना मुख्यालय पर कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। पूतला फूंके जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। इससे पहले सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता ऊना मुख्यालय पर गलुआ मोड़ पर एकत्रित हुए। ऊना सदर विस क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गलुआ मोड से बस स्टैंड तक ट्रैफिक लाइट्स चौंक होते हुए रोष रैली निकाली। वहीं बस स्टैंड के साथ ही पेट्रोल पंप के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्ती का पुतला फूंक डाला। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस भी सकते में आ गई। पेट्रोल पंप के सामने पुतले में लगी आग को बुझाने के प्रयास करने जब थाना प्रभारी दर्शन सिंह आगे आए तो विधायक सतपाल सिंह रायजादा व उनके समर्थक उनसे भिड़ गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App