सत्ती ने धार्मिक डेरे की गरिमा को ठेस पहुंचाई

By: Apr 19th, 2019 12:15 am

घालूवाल (ऊना) – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष द्वारा की गई विवादित बयानबाजी से एक धार्मिक डेरे की गरिमा को ठेस पहुंची है। घालूवाल में कांग्रेस जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप राठौर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकारें होने के बावजूद भाजपा को लोकसभा चुनावों में अपनी हार सामने दिखाई दे रही है। इसीलिए हताशा में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष इस प्रकार की टिप्पणियों पर उतर आए हैं। राठौर ने कहा कि वह प्रदेश में कांग्रेस को एकजुट करने में सफल रहे हैं। उन्होंने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को विश्वास जताया कि वह व नेता प्रतिपक्ष दोनो भाइयों की तरह कार्य करते हुए प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य करेंगे। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए राठौर ने कहा कि पांच सालों में मोदी सरकार अपने एक भी वादे पर खरा नहीं उतरी। न तो हर साल दो करोड़ रोजगार भाजपा दे पाई, न ही लोगों के बैंक खातों में 15-15 लाख रुपए आए। मोदी सरकार ने नोटबंदी व जीएसटी लागू कर देश की अर्थव्यव्था को तहस-नहस कर दिया। महिलाओं को पैतृक संपत्ति में अधिकार इंदिरा सरकार ने दिया, वहीं राजीव गांधी ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की असली हितैषी है, जबकि भाजपा ने इस वर्ग की कभी चिंता नहीं की।

गलत बयान से बचें

कांगड़ा के अधिवक्ता द्वारा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणी ठीक नहीं है। इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। कुलदीप राठौर ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी हिदायत जारी करते हुए ऐसी किसी भी प्रकार की बयानबाजी न करने को कहा, जिससे लोगों में कोई गलत संदेश जाए।

उद्योगपतियों को लाभ

कुलदीप राठौर ने कहा कि मोदी सरकार को देश के बड़े-बड़े औद्योगिक घराने चला रहे हैं। बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार नीतियां बना रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App