सपा के विजन डाक्यूमेंट में सामाजिक न्याय की वकालत

By: Apr 5th, 2019 5:52 pm
 

Related imageलखनऊ –  लोकसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को यहां जारी घोषणापत्र में सामाजिक न्याय की वकालत करते हुये गरीब,किसान और मध्यम वर्गीय को लुभाने का प्रयास किया। सपा कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विजन डॉक्यूमेंट जारी किय। इस मौके पर श्री यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने देश के चुनिंदा अमीरों को लाभ पहुंचाने की खातिर करोड़ों गरीब और मध्यम वर्गीय जनता को परेशान किया। सामाजिक न्याय नहीं होने से अमीर और अमीर हो गया जबकि गरीब और गरीब हो गया है। उन्होने कहा कि देश के 10 फीसदी लोगों का देश की 60 फीसदी संपत्ति पर कब्जा है। यह विडंबना है कि देश का आर्थिक रूप से समृद्ध तबका भी उसी दर से टैक्स चुकाता है जितना वेतनभोगी मध्यम वर्गीय को चुकाना पड़ता है। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की सरकार के सत्ता में आने के बाद ढाई करोड़ से अधिक संपत्ति वाले अमीरों पर दो प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स लगाया जायेगा जबकि समाजवादी पेंशन योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिये जायेंगे और लोहिया ग्रामीण आवास योजना के तहत दो कमरों का आवास मुहैया कराया जायेगा।  सपा अध्यक्ष ने कहा कि देश का विकास आज कुछ लोगों के हाथों में ही सिमट कर रह गया है जबकि समाजवादी सुधारकों की सोच थी कि इस देश का विकास तभी संभव है जब सभी को उसकी आबादी के हिसाब से सामाजिक न्याय मिले।  उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों की कमर तोड़ दी। नोटबंदी के दौरान कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। जीएसटी से कुछ लोगों को फायदा हुआ होगा, लेकिन ज्यादातर व्यापारियों को काफी घाटा हुआ। उन्होने कहा कि उनकी सरकार आने पर जीडीपी का छह प्रतिशत शिक्षा क्षेत्र में खर्च किया जायेगा। हर छात्र को पाठ्य सामग्री मुफ्त प्रदान की जायेगी।  सेना में अहीर रेजीमेंट की वकालत करते हुये श्री यादव ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिये सेना के इस्तेमाल को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जायेगा। सरकार में आने पर गठबंधन उन सभी राज्यों में रेजीमेंट की स्थापना करेगा जहां रेजीमेंट नहीं है। हम अहीर रेजीमेंट,बख्तरबंद रेजीमेंट और गुजरात इंफ्रैन्ट्री रेजीमेंट की स्थापना करेंगे। उन्होने कहा कि किसान तभी खुशहाल होगा जब पूर्ण कर्जमाफी होगी। सरकार बनाने पर किसानों का सौ फीसदी कर्ज माफ किया जायेगा। अमीरी-गरीबी की खाई बेहद गहरी हो चुकी है। हम सभी वर्गों के हितों का खयाल रखेंगे। सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन नई दिशा- एक नई उम्मीद के साथ हमने लक्ष्य तय किये है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App