सूरज ने 36० पर सताया ऊना

By: Apr 6th, 2019 12:02 am

मौसम साफ रहने से न्यूनतम तापमान में भी आया उछाल

 शिमला —हिमाचल के सबसे गर्म जिला ऊना में सूरज आग उगलने लगा है। यहां का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है, जो इस वर्ष का अभी तक अधिक तापमान में है। इसके उल्ट प्रदेश के कई क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में 11 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में सात, नौ और 11 अप्रैल को गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है।  वहीं, प्रदेश में शुक्रवार को मौसम साफ बना रहा। दिन के समय धूप खिली रही, जिससे राज्य के कई क्षेत्रों में तापमान में गुरुवार के मुकाबले एक डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है, मगर दोपहर बाद बादलों के घिरने व हवाएं चलने से राज्य के कई क्षेत्रों के तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला, ऊना, नाहन, केलांग और सोलन के तापमान में भी इजाफा हुआ है। कांगड़ा, बिलासपुर, चंबा, डलहौजी, कल्पा और धर्मशाला के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। वहीं, शुक्रवार को राज्य के हमीरपुर, डलहौजी और सुंदरनगर का तापमान सामान्य रहा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य के तहत दो से तीन डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में 11 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। मैदानी इलाकों में भी सात, नौ और 11 अप्रैल को बारिश होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App