स्कूटी सवार पर टूट पड़ा तेंदुआ

By: Apr 12th, 2019 12:15 am

भोरंज के त्रिलोकपुर जंगल में खूंखार ने बोला हमला

भोरंज  – जिला हमीरपुर के त्रिलोकपुर जंगल से गुजर रहे एक स्कूटी सवार पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेज रफ्तार के साथ स्कूटी पर झपटे तेंदुए ने स्कूटी सवार को बुरी तरह घायल कर दिया। स्कूटी से गिरने के बाद तेंदुए ने घायल को घेर लिया। मौत को करीब देख व्यक्ति बुरी तरह से डर गया तथा भागने की कंडीशन में भी नहीं था। स्कूटी से गिरने के बाद उसके शरीर पर गंभीर घाव हो गए थे। तेंदुआ अभी नजदीक आकर पहुंचा ही था कि एक कार हॉर्न बजाते हुए दनदनाती तेंदुए की तरफ बढ़ी। कार को नजदीक आता देख तेंदुए ने घायल को छोड़ दिया, लेकिन कार पर झपट पड़ा। जोरदार पंजा कार की हैडलाइट पर पड़ते ही लाइट चकनाचूर हो गई। शोर मचाने के बाद तेंदुआ  भाग निकला। इसके बाद घायल स्कूटी सवार को भोरंज अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के साथ ही शरीर पर चार टांके भी लगे हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि त्रिलोकपुर जंगल से होकर प्रवीण कुमार पुत्र जीत राम गांव जोल अपनी स्कूटी से घर जा रहा था। जंगल की सड़क से गुजरते समय एक  तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। जब वह स्कूटी से नीचे गिर पड़ा, तो एक गाड़ी चालक प्रेम चंद ने तेंदुए को भगाने के लिए रोशनी की। गुस्साए तेंदुए ने गाड़ी की हैडलाइट भी तोड़ दी। ग्रामीणों में ग्राम पंचायत प्रधान विजय कुमार, राजिंद्र, हुकमचंद, धर्म चंद, रमेश कुमार, तिलक राज, राकेश कुमार, राज कुमार, मिलखी राम, मोहिंद्र सिंह, काली दास, रणजीत सिंह, मनोहर लाल, बिहारी लाल चौधरी, पवन कुमार चौधरी, योगिंद्र शर्मा, ओंकार शर्मा, राजेश शर्मा, बलदेव शर्मा इत्यादि ने वन विभाग से घायल के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। वन खंड अधिकारी भरेड़ी बीट जगत राम का कहना है कि  जांच के बाद ही मुआवजा निर्धारित किया जाएगा। वन विभाग के कर्मचारी इलाके में पूरी तरह मुस्तैद हैं। यदि आवश्यक हुआ, तो क्षेत्र में पिंजरा लगवा दिया जाएगा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App