हमीरपुर की ‘हॉट’ सीट पर 1998 से भाजपा ‘नॉट आउट’

By: Apr 7th, 2019 12:02 am

शिमला —हमीरपुर संसदीय सीट पर भाजपा 1998 से लेकर अब तक नॉट आउट चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से लेकर वर्तमान सांसद अनुराग ठाकुर की राजनीति से कांग्रेस भी सोचने पर मजूबर हो गई है। हमीरपुर हमेशा से ही राजनीति के लिए हॉट सीट मानी जाती है। चाहे विधानसभा का चुनाव हो या फिर लोकसभा का चुनाव। अब तक हुए 16 लोकसभा चुनावों में से भाजपा ने सबसे अधिक नौ बार जीत दर्ज कर चुकी है, जिसमें धूमल परिवार और सुरेश चंदेल की अहम भूमिका रही। हालांकि पूर्व सांसद सुरेश चंदेल तो तीन बार ही जीते थे, लेकिन धूमल परिवार को यहां पर सबसे अधिक छह बार जीत मिली। पिछले 21 वर्षों से हमीरपुर सीट पर भाजपा ही बुलंद होती आ रही है। पूर्व के चुनावी नतीजे पर गौर करें तो हमीरपुर सीट पर सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने ही पार्टी का खाता खोला था। वह पहली बार 1989 के चुनाव में जीते। उसके बाद 1991 में जीते, फिर  2007 के चुनाव में भी धूमल जीत कर आए। वर्ष 2007 से पहले 1998 से लेकर 2004 तक लगातार सुरेश चंदेल ने यह सीट भाजपा की झोली में डाल दी थी। वर्ष 2008 में प्रेम कुमार धूमल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार थे तो यहां पर उप चुनाव हुए और उनके बेटे अनुराग ठाकुर को पार्टी ने टिकट दिया। अनुराग ठाकुर पहली बार राजनीति में लोकसभा उप चुनाव में जीत दर्ज कर उतरे। उसके बाद यानी 2009 में लोकसभा का आम चुनाव हुआ और उस साल से लेकर 2014 तक लगातार अनुराग ठाकुर चुनाव जीतते आए हैं। यहां तक कि अनुराग ठाकुर ने ऐसे राजनीतिक विरोधियों को भी पराजित किया, जो आज भाजपा से हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी हैं। अनुराग ठाकुर ने पहली बार 2008 के उप चुनाव में  कांग्रेस के ओपी रतन को हराया था। उसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से नरेंद्र ठाकुर मैदान थे जो आज हमीरपुर में भाजपा विधायक हैं, को पराजित किया था। ऐसे में इस बार वे कांग्रेस के रामलाल ठाकुर से मुकाबला करेंगे। उल्लेखनीय है कि भाजपा का रिकार्ड 1989 से ही बरकरार होना था, लेकिन 1996 के चुनाव में कांग्रेस के विक्रम सिंह ने भाजपा को हराया। यानी एक बार भाजपा को ब्रेक लगी। 

भाजपा ने पिछली बार 16 हलकों मे ने हासिल की थी बढ़त

2014 के लोकसभा चुनावी नतीजे पर गौर करें तो भाजपा के अनुराग ठाकुर को 17 में से 16 विधानसभा क्षेत्रों में लीड मिली थी। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पिछली बार कांग्रेस के राजेंद्र राणा को मात्र एक ही विधानसभा क्षेत्र में लीड मिल पाई, वह भी मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र हरोली में। बाकी सभी क्षेत्रों में कांग्रेस का सूपडा साफ हुआ। हालांकि पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में थी, लेकिन कांग्रेस को लीड नहीं मिल पाई थी। 

2017 के विधानसभा चुनाव में गिरा बीजेपी का ग्राफ

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भाजपा का ग्राफ हल्का सा गिरा है। पिछले लोकसभा चुनाव में भारी लीड मिलने के बावजूद 2017 के चुनाव में भाजपा 10 विधानसभा क्षेत्रों में हैं, जबकि छह विधानसभा सीटों पर कांग्रेस काबिज हैं। इसके अलावा एक सीट देहरा में निर्दलीय विधायक हैं। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को कांग्रेस के राजेंद्र राणा ने पराजित किया। हालांकि धूमल  पिछली बार हमीरपुर विधानसभा  सीट से चुनाव जीते थे, लेकिन 2017 के चुनाव में विधानसभा क्षेत्र बदल दिया तो पार्टी को भारी नुकसान हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App