हमीरपुर में अनुराग के सामने राम लाल

By: Apr 7th, 2019 12:11 am

शिमला –आखिरकार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांगे्रस पार्टी को अनुराग ठाकुर से मुकाबला करने के लिए योद्धा मिल गया है। अलबत्ता इसे ढूंढने में पार्टी ने काफी वक्त लगा दिया। धूमल पुत्र के सामने अब कांग्रेस के राम लाल ठाकुर होंगे, जिनके नाम की शनिवार को आधिकारिक घोषणा की गई। राम लाल ठाकुर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी बनाए गए हैं, जो पहले भी यहां से दो दफा लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। वह एक दफा सुरेश चंदेल के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से भी मुकाबला किया। वर्तमान में राम लाल ठाकुर श्रीनैनादेवी से विधायक हैं। बताया जाता है कि वह भाजपा के सुरेश चंदेल से 1609 मतों से हारे थे। विधानसभा चुनाव में भी वह हार का सामना कर चुके हैं, लेकिन यह भी सच्चाई है कि राम लाल ठाकुर तीन दफा सरकार में मंत्री रहे और पांच दफा  विधायक रहे हैं। वीरभद्र सरकार में राम लाल ठाकुर स्वास्थ्य, खेल, उद्योग व वन मंत्री रह चुके हैं। वह वीरभद्र के समर्थकों में एक माने जाते हैं और संगठन के लिए लंबे समय से काम कर रहे हैं। ऐसे में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी को सुखविंद्र सिंह सुक्खू से बेहतर विकल्प राम लाल ठाकुर के रूप में मिला है, जिनके पास लंबा अनुभव है। शनिवार को दिल्ली में सुबह से ही स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चल रही थी, जिसमें वेणुगोपाल के साथ रजनी पाटिल, कुलदीप सिंह राठौर व मुकेश अग्निहोत्री चर्चा कर रहे थे। पूरे मामले पर चर्चा के बाद वे राहुल गांधी के आवास पर गए, जहां पर बातचीत हुई। यहां राम लाल ठाकुर का नाम फाइनल कर दिया गया, जिसके बाद हाइकमान की ओर से अधिकारिक घोषणा की गई। राम लाल ठाकुर से पहले यहां पर सुरेश चंदेल व सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नाम पर चर्चा चल रही थी। मुकेश अग्निहोत्री ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था, लिहाजा फिर सुक्खू ने भी अपने नाम का प्रस्ताव दे दिया। उनके नाम पर भी चर्चा हुई, वहीं भाजपा से सुरेश चंदेल को पार्टी में लाने पर भी बात हो रही थी, जो कि सिरे नहीं चढ़ पाई है। सुरेश चंदेल को भी कांग्रेस में अच्छा विकल्प माना जा रहा था, लेकिन उनकी शर्तों पर बात नहीं बन पाई, और उनका मामला लटक गया। अब राम लाल ठाकुर के बूते कांग्रेस, हमीरपुर में लोकसभा चुनाव की वैतरणी को पार लगाने की कोशिश करेगी। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि राम लाल ठाकुर के नाम पर सहमति बनी है। वह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में पाटी के लिए सशक्त उम्मीदवार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App