उमा से मिलकर भावुक हुईं साध्वी प्रज्ञा, निकले आंसू
भोपाल -लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की भोपाल सीट पर दिलचस्प जंग है। यहां से बीजेपी कैंडीडेट साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर चुनाव मैदान में हैं। जब केंद्रीय मंत्री उमा भारती और साध्वी प्रज्ञा के बीच प्रचार अभियान के दौरान मुलाकात हुई तो काफी भावुक माहौल देखने को मिला। गाड़ी में बैठी साध्वी प्रज्ञा को जब उमा भारती ने अपने गले से लगाया तो प्रज्ञा की आंखों से आंसू निकलने लगे। इस दौरान उमा ने काफी देर तक साध्वी को अपने गले से लगाए रखा। साध्वी के आंसुओं को देखकर उमा ने ढांढस बधाते हुए कहा कि अरे ये क्या हो गया। इसके बाद उमा ने दोबारा साध्वी को पुचकारते हुए गले लगाया। उमा इस दौरान खुद भी भावुक नजर आईं। उन्होंने साध्वी प्रज्ञा के पैर भी छुए। भावुक होने को लेकर जब उमा से सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे निजी विषय बताया। उमा भारती ने नासिक जेल में भी साध्वी प्रज्ञा से मुलाकात की थी। बता दें कि भोपाल सीट से कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने 2008 के मालेगांव धमाकों में आरोपी साध्वी प्रज्ञा को टिकट दिया है। वह हाल ही में भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर पहुंचकर पार्टी में शामिल हुई थीं। इससे पहले उमा भारती ने ट्वीट किया कि मैं आज भोपाल में आ गई हूं, उनके (साध्वी प्रज्ञा) लिए चुनाव प्रचार में भी भाग लूंगी। मैं उनका बहुत आदर करती हूं तथा उनके प्रति बहुत संवेदनशील हूं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App