दो परिवारों का स्लेटपोश मकान जमींदोज

By: Apr 17th, 2019 12:05 am

धनेड़—ग्राम पंचायत जंगलरोपा के गांव रोपा में दो परिवार के स्लेटपोश मकान गिर गए। अचानक ही दो परिवारों के सिर से छत छिन गई। मकान गिरने से दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में दोनों परिवारों को करीब डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दोनों ही परिवार काफी गरीब हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोनों प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जंगल रोपा के ग्राम रोपा में दो परिवारों के मकान मंगलवार सुबह अचानक गिर गए। रोपा निवासी देवराज व प्यारे लाल के स्लेटनुमा दो मंजिला मकान गिरने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंगलवार सुबह सात बजे के लगभग जब हादसा हुआ तो प्यारे लाल घर के अंदर ही मौजूद था, बाकी सदस्य घर से बाहर रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त थे। गनीमत रही कि मकान की दीवार बाहर की तरफ  गिरी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।  हादसे में प्यारे लाल को मामूली चोटें आई हैं। हादसे का पता चलने के बाद पंचायत्त प्रधान सपना देवी, उपप्रधान मदन लाल, कानूनगो बलवंत सिंह व हलका पटवारी हुसैन मोहम्मद  ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। कानूनगो बलवंत सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों को एक लाख पचास हजार का नुकसान हुआ है और नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को भेजी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशसन से मांग की है कि अतिशीघ्र पीडि़त परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब करवाई जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App