अरविंद बंटी व्यापार मंडल राजगढ़ के नए अध्यक्ष

By: May 2nd, 2019 12:04 am

राजगढ़। अरविंद राय बंटी को व्यापार मंडल राजगढ़ का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पिछली कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद राजगढ़ के राधा कृष्ण मंदिर में व्यापार मंडल की एक बैठक का आयोजन किया गया तथा सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। लंबी चर्चा के बाद सभी ने एकमत से अरविंद राय बंटी को प्रधान चुना। नई कार्यकारिणी में राकेश मैनी को उपप्रधान चुना गया जो पिछली कार्यकारिणी में महासचिव के पद पर तैनात थे। इनके अतिरिक्त नवदीप साहनी को अतिरिक्त उपप्रधान, प्रमोद पुंडीर को महासचिव, अनुज ठाकुर को सह-सचिव व पियुष दस्सन को कोषाध्यक्ष चुना गया। सभी सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी और व्यापारियों को आ रही समस्याओं को प्रशासन व सरकार के समक्ष प्रभावशाली तरीके से उठाने की उम्मीद जाहिर की। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष अरविंद राय बंटी ने अध्यक्ष चुने जाने पर सभी व्यापारी भाइयों का आभार प्रकट किया और सभी के सहयोग से राजगढ़ के कारोबार में आ रही गिरावट, मूलभूत समस्याओं जैसे शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था, पार्किंग आदि सभी के निवारण के लिए भरसक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App