आज वोट डालेंगे 1.80 करोड़ मतदाता

By: May 12th, 2019 12:02 am

हरियाणा में लोकतंत्र के यज्ञ में आहुति डालने को युवा तैयार, पोलिंग दल मोर्चे पर रवाना

चंडीगढ़- हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग द्वारा लगभग सारी तैयारियां मुकम्मल हो गई हैं। इसके साथ ही हर जिलों से पोलिंग पार्टियां रवाना होने लगी हैं। राज्य में एक करोड़ 80 लाख 56 हजार 896 मतदाता प्रदेशभर के लगभग 223 प्रत्याशियों की तकदीर को फैसला करेंगे। मतदान के लिए राज्य में कुल 19433 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा।

निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. इंद्रजीत ने बताया कि 23 अप्रैल, 2019 को प्रकाशित संशोधित मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल एक करोड़ 80 लाख 56 हजार 896 मतदाता हैं, जिनमें एक लाख पांच हजार 859 सर्विस वोटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 97 लाख 16 हजार 516 पुरुष मतदाता, 83 लाख 40 हजार 173 महिला मतदाता और 207 ट्रांसजेडर मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी, 2019 को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार एक करोड़ 74 लाख 48 हजार 293 मतदाता थे, जिनमें 93046 सर्विस वोटर शामिल थे। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा चलाई गई विभिन्न स्वीप गतिविधियों के परिणामस्वरूप 31 जनवरी के बाद छह लाख आठ हजार 603 नए मतदाता पंजीकृत हुए हैं।

प्रदेश के 19433 केंद्रों में होगा मतदान

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 19433 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 19425 रेगुलर और 8 सहायक मतदान केंद्र हैं। शहरी क्षेत्र में 5502 और ग्रामीण क्षेत्र में 13931 मतदान केंद्र हैं।

तीन लाख से ज्यादा युवा

31 जनवरी, 2019 तक प्रदेश में 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 1 लाख 40 हजार थी। स्वीप कार्यक्त्रमों के चलते युवाओं में जागरूकता आने के कारण 1 लाख 60 हजार नए मतदाता जुड़े हैं, जिससे 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 3 लाख हो गई है। यह दर्शाता है कि युवाओं में लोकतंत्र के सबसे बड़े त्योहार के प्रति कितना जोश है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App