आसमान से बरस रही आग

By: May 30th, 2019 12:07 am

बिलासपुर में सुबह दस से ही चल रही लू, भीषण गर्मी ने लोगों की बढ़ाई मुश्किलें

घुमारवीं – जिला के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की अभी कोई उम्मीद नहीं है। सुबह के नौ बजते ही सूरज आग उगल रहा। बुधवार को  जिला में 41.5 डिग्री अधिकतम तापमान पहुंच गया। दस बजते ही लू के थपेड़े त्रिशूल की तरह चुभने लगे। दोपहर के समय बाजार में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात नजर आए। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। हालात यह हैं कि रात दस बजे तक गर्म हवाओं का एहसास होता रहा। विभाग की मानें तो अभी कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

टंकियों का पानी गर्म

गर्मी बेहाल कर रही है। घरों में रखी टंकियों का पानी गर्मी से गर्म हो रहा है। तड़के कुछ राहत मिलती है। लेकिन चंद घंटों बाद ही तपन का असर वापस शुरू हो जाता है।

रात में भी गर्मी से राहत नहीं

जिला में पड़ रही प्रचंड गर्मी के चलते अब रात में भी राहत नहीं मिल रही है। रात का तापमान भी 35-36 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी गर्म हवाओं से राहत के आसार नहीं है।

स्कूलों का टाइम टेबल बदलने की मांग

जिला में पड़ रही प्रचंड गर्मी से बेहाल हो चुके नौनिहालों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन से अभिभावकों ने स्कूलों के समय-सारिणी में तबदीली करने की मांग की है।

बढ़ते पारे से लोग परेशान, कर्फ्यू जैसे हालात

बिलासपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5 तक पहुंच गया। गर्मी के तेज थपेड़ों ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लोग सुबह-सुबह ही अपना काम निपटा रहे हैं। दोपहर को भीषण गर्मी के चलते लोग घरों में ही दुबक रहे हैं। गर्मी के चलते कर्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं। पंजाब राज्य की सीमा के साथ सटे क्षेत्रों में लू ने लोगों का जीना मुहाल किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App