एक निशान देगा शिक्षा की योजनाओं का ज्ञान

By: May 25th, 2019 12:01 am

सरकारी स्कूलों में लगाया जाएगा समग्र शिक्षा अभियान का प्रतीक चिन्ह

शिमला – हिमाचल के सरकारी स्कूलों में अब समग्र शिक्षा अभियान का प्रतीक चिन्ह शिक्षा की योजनाओं को बताएगा। प्रदेश के सभी स्कूलों में यह चिन्ह लगाना जरूरी होगा। इस चिन्ह के माध्यम से छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों को यह पता चल पाएगा कि सरकारी शिक्षा को लेकर सरकार ने क्या-क्या सुविधाएं दी है। जानकारी के अनुसार इस चिन्ह  के माध्यम से समग्र शिक्षा अभियान के तहत चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके तहत स्कूलों की दीवारों पर समग्र शिक्षा अभियान के तहत जो योजनाएं चलाई गई हैं, उसका विवरण दर्शाया जाएगा। बता दें कि पिछले वर्ष सर्वशिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक  शिक्षा अभियान और टीचर एजुकेशन  को विलय कर समग्र शिक्षा अभियान शुरू किया गया था।  समग्र शिक्षा अभियान के तहत यह प्रतीक चिन्ह शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि यह चिन्ह इस वर्ष स्कूलों में भेजा जाएगा। शिक्षा विभाग का तर्क है कि स्कूलों में प्रतीक चिन्ह लगाने का उदे्श्य लोगों को समग्र शिक्षा अभियान के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करना है। इसमें समग्र शिक्षा अभियान के तहत जारी की गई ग्रांट, मुफ्त किताबें,  मुफ्त वर्दियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रदेश समग्र शिक्षा अभियान के निदेशक आशीष कोहली के अनुसार इस वर्ष से ही समग्र शिक्षा अभियान के प्रतीक चिन्ह सभी स्कूलों में लगाए जाएंगे। इसके साथ स्कूलों की दीवारों पर समग्र शिक्षा अभियान की विभिन्न योजनाओं को भी दर्शाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर अब केंद्र सरकार की योजनाएं और समग्र शिक्षा के तहत हो रहा है। सरकारी स्कूलों में समग्र शिक्षा अभियान का प्रतीक चिंन्ह लगाने के आदेश भी भारत सरकार की ओर से ही जारी किए गए हैं। यही वजह है कि  अब इस साल से सभी स्कूलों में समग्र शिक्षा का प्रतीक चिन्ह लगाने के भारत सरकार को भी इसकी जानकारी भेजी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App