खाई में लुढ़की सूमो, युवक की मौत

By: May 13th, 2019 12:05 am

पद्धर—मंडी-पठानकोट नेशनल हाई-वे में घटासनी के पास एक टाटा सूमो के खाई में लुढ़क जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य तीन युवक जख्मी हुए हैं। इनमंे गंभीर जख्मी दो युवकों को सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर से टांडा मेडिकल कालेज रैफर किया गया है। घटना शनिवार रात्रि 11 बजे के करीब हुई। समीप के घरगेहड़ गांव का संजय कुमार अपनी बुआ के बेटे के साथ घटासनी में रिश्तेदार के घर शादी समारोह में आया था। घर लौटने के लिए दोनों अपने दोस्त सुरेंद्र उर्फ  साजु राम की टाटा सूमो(एचपी01डी-3598) में सवार हुए। मात्र सौ मीटर की दूरी पर ही दुर्घटना हो गई। चालक के नियंत्रण खोने से टाटा सूमो लगभग सौ मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। वाहन में सवार संजय कुमार (29) पुत्र देवराज गांव घरेहड़ डा. झटींगरी, सुरेंद्र उर्फ  साजु राम (41) पुत्र ब्रिज लाल घटासनी लखवान, प्रेम सिंह (28) पुत्र साधु राम गांव रोपडू भलाना और जनक राज (30) महेंद्र सिंह गांव भटवाड़ी गुम्मा जख्मी हो गए। घटना का पता चलते ही शादी समारोह में आए ग्रामीणों ने सभी घायलों को सड़क मार्ग तक पहुंचाया और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर ले गए। यहां संजय कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर जख्मी सुरेंद्र उर्फ  साजु राम और प्रेम सिंह को प्राथमिक उपचार बाद टांडा मेडिकल कालेज रैफर किया गया है। जनक राज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार चालक सुरेंद्र की टांग में चोट आई है, जबकि प्रेम सिंह के सिर और बाजू में चोटें लगी हैं। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। पद्धर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। घटना में शिकार बना युवक संजय अपने माता-पिता का इकलौता चिराग था। प्रशासन की ओर से ग्रामीण राजस्व अधिकारी सरोजनी ठाकुर और कमलेश कुमार ने मृतक परिवार को दस हजार और अन्य घायलों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत मुहैया करवाई है। डीएसपी पद्धर मदनकांत शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App