चंडीगढ़ को वोट का मोल बताएंगे अक्ष बाघला

By: May 7th, 2019 12:02 am

लोकसभा चुनावों के लिए पालमपुर का नौजवान ‘स्वीप’ अभियान का एंबेसेडर

पालमपुर -पालमपुर के एक होनहार युवा एवं  यू-ट्यूबर के नाम से जाने जाने वाला अक्ष बाघला को चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा लोकसभा चुनावों के मद्देनजर स्वीप (एसवीईईपी  यानी सिस्टेमैटिक वोटर एजुकेशन एंड इलेक्ट्रोल पार्टिसिपेशन’ नामक अभियान का एंबेसेडर बनाया गया है। इस अभियान के अंतर्गत अक्ष बाघला ने  बिना  किसी इंस्ट्रूमेंट का इस्तेमाल किए एक हिंदी और अंग्रेजी के समावेश में गाना तैयार किया है, जिसमें  लोगों को 19 मई को अपने मतदान का प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया गया है। सोमवार को अक्ष बाघला द्वारा बनाए गए इस गाने की लांचिंग चंडीगढ़ के  चीफ  इलेक्शन ऑफिसर आईएएस अजोय कुमार सिन्हा द्वारा की गई। यू-ट्यूबर अक्ष बाघला ने बताया कि उसे चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ  से लोगों को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया था। इसी के चलते उन्होंने बिना इंस्ट्रूमेंट इस्तेमाल किए एक गाना तैयार किया। इस गाने का वीडियो हर सिनेमा हॉल, एफएम और सरकारी वेबसाइट्स में प्रसारित  होगा। बता दें कि अक्ष बाघला की यू-ट्यूब पर वायरल हुई एक वीडियो को आज तक दो करोड़ लोगों ने देखा है। इसके अलावा अक्ष के और भी कई गाने यू-ट्यूब पर देखे जा सकते हैं। अक्ष बाघला देश-विदेश में कई लाइव शो कर चुका है। अक्ष बाघला को वर्ष 2018  यू-ट्यूब में बेस्ट कवर सांग के लिए स्ट्रीम कॉर्न एशिया अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। अक्ष की माता अलका और पिता संजीव बाघला, जो ठाकुरद्वारा पालमपुर के रहने वाले हैं, ने इस पर प्रसन्नता  जाहिर की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App