जनता के पैसे से प्रचार कर रही भाजपा

By: May 11th, 2019 12:07 am

कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने साधा निशाना, चौकीदार के सामने पूंजीपतियों ने भरे खजाने

इंदौरा, ठाकुरद्वारा -कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने इंदौरा विधानसभा में चुनावी कार्यकर्मों के चलते 11 पंचायतों का दौरा किया। इंदौरा मंे एक विशाल रोड शो किया। इस दौरान काजल ने इंदौरा मंे नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार के लोकसभा चुनावों में भाजपा की कोई भी लहर नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में गरीब जनता की सुध लेने की बजाय पूंजीपतियों के खजाने भरे। हालत यह हुई कि देश का खजाना लूटकर अनेक पूंजीपति चौकीदार की नजरों के सामने भाग गए और चौकीदार आंखें बंद कर बैठा रहा।  उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने स्वच्छता अभियान के प्रचार पर 530 करोड़ व  4880 करोड़ की बड़ी धनराशि अपनी छवि को चमकाने और एक हजार करोड़ मेक इन इंडिया के प्रचार पर लुटा दिए , लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। काजल ने कहा कि भाजपा ने देश का 270 टन से भी ज्यादा सोना विदेश में गिरवी रखवाया है।  कांग्रेस ने अपने 70 साल के कार्यकाल में सूई से लेकर जहाज और अंतरिक्ष तक पहुंच बनाई, लेकिन भाजपा ने पांच साल में यहां एक ओर जनता से जुमलेबाजी की तो देश का 270 टन से भी ज्यादा सोना विदेश में गिरवी रख दिया। भाजपा जनता के पैसे को जनता के लिए न खर्च कर अपने प्रचार प्रसार पर खर्च रही है।  काजल ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर तंज  कसते हुए कहा कि  जो व्यक्ति सरकार में मंत्री रहते हुए डेढ़ साल में स्कूली बच्चों को वर्दी का ही प्रावधान नहीं करवा सका वे सांसद के तौर पर क्षेत्र का क्या विकास कर पाएगा।  विस इंदौरा शहर में रोड शो  के दौरान काजल ने  लोधवां, धक्का कालोनी, डमटाल, सूरजपुर मोहटली, तोकी, भपू, चुहड़पुर, काठगढ़, प्राल व  बरोटा में की।  इस मौके पर जिलाध्यक्ष कर्ण पठानिया, भूपाल कटोच,  ध्रुव कटोच, प्रवीण कुमार, राजेश धीमान, मलेंद्र राजन, कमल किशोर, प्रदेश महासचिव मनमोहन कटोच व पूर्व विधायक बोध राज सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App