जयराम के साथ दिल्ली पहुंचे चारों सांसद

By: May 26th, 2019 12:05 am

प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद शिमला लौटने की संभावना

शिमला —प्रचंड मतों से लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद प्रदेश के चारों नवनिर्वाचित सांसद शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री शनिवार सुबह दिल्ली रवाना हुए। वह अब एक सप्ताह बाद शिमला लौट सकते हैं। दिल्ली में 30 मई को प्रस्तावित मोदी सरकार के शपथ समारोह में हिस्सा लेने के बाद जयराम ठाकुर के लौटने की संभावना है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री का दो दिन के दिल्ली प्रवास का ही अधिकारिक टूअर प्रोग्राम जारी हुआ है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित सांसद किशन कपूर, मंडी से रामस्वरूप शर्मा, शिमला से सुरेश कश्यप और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दिल्ली पहुंचते ही हिमाचल सदन में स्वागत किया। हालांकि सुरेश कश्यप और किशन कपूर पहली बार संसद जा रहे हैं, लेकिन अनुराग ठाकुर और रामस्वरूप शर्मा के लिए यह नई बात नहीं है। इस बार लाखों मतों से जीत दर्ज कर चारों प्रत्याशियों ने रिकार्ड बनाया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को देर शाम भाजपा संसदीय दल की होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए सभी नवनिर्वाचित सांसद दिल्ली पहुंचे हैं। इससे पहले शनिवार को सुबह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सरकारी आवास ओकओवर में उन्हें बधाई देने वालों की लाइन लगी रही। नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार ने प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां पहुंच कर मुख्यमंत्री का चुनावी जीत पर बधाई दी। इसके अलावा अर्की के पूर्व विधायक गोविंद शर्मा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ओकओवर पहुंचा और सीएम को बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App