थरोच में अफीम के 238 पौधे पकड़े

By: May 24th, 2019 12:05 am

नेरवा—प्रदेश में अफीम की खेती पर भले ही वर्षों पहले प्रतिबंध लग चुका है, परंतु आज भी चोरी छुपे लोग अफीम की खेती उगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नेरवा तहसील के अंतर्गत थरोच क्षेत्र में उस समय सामने आया जब पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को अपनी निजी भूमि में अवैध रूप से उगाये गए 238 अफीम के पौधों के साथ हिरासत में लिया। बरामद किए गए पौधे फूलों और इस पर लगने वाले डोडों से भरे हुए थे। हालांकि नेरवा थाने के तहत इस तरह का यह पहला मामला है, जिस वजह से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नेरवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसएचओ नेरवा प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में चालक एचइसाई मदन लाल, मुख्य आरक्षी अंकुश, महिला मुख्य आरक्षी शमीम शेख, आरक्षी बुद्धि सिंह, आरक्षी प्रवीण, आरक्षी प्रदीप व आरक्षी गौरव की टीम गश्त पर थरोच की तरफ  निकली थी। इस दौरान इस टीम को भनक मिली कि थरोच के बरमाणा गांव में एक व्यक्ति अपने खेतों में अफीम की अवैध खेती कर रहा है। भनक मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच कर खेतों में फूलों और अफीम के डोडे से लदे 238 अफीम के पौधे अपने कब्जे में लेकर नशे की अवैध खेती करने वाले चेत राम पुत्र देवी राम, गांव बरमाणा, डाकघर थरोच, तहसील नेरवा को हिरासत में लेकर नेरवा थाने में एनडी एंड पीएस की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को गुरुवार शाम तक न्यायालय में पेश किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App