दस के बाद चढ़ेगा सियासी पारा

By: May 6th, 2019 12:02 am

ताकत दिखाने पहुंचेंगे भाजपा-कांग्रेस के राष्ट्रीय स्टार प्रचारक

 शिमला —लंबी आचार संहिता के बीच हिमाचल में अब राजनीति गर्माने लगी है, जिसमें पूरी तरह जोश दस मई के बाद आएगा। दस मई के बाद भाजपा और कांगे्रस दोनों राष्ट्रीय दलों के स्टार प्रचारक यहां पहुंचेंगे। जहां एक तरफ भाजपा ने अपने राष्ट्रीय नेताओं का शेड्यूल बना दिया है, वहीं कांगे्रस ने भी दस मई के बाद ही माहौल गर्म करने की तैयारी कर ली है। 16 मई तक यहां चुनावी शोर सुनाई देगा, जिसके बाद स्टार प्रचारक वापस निकल जाएंगे। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सियासी पारा चढ़ाएंगे, वहीं कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी व प्रियंका गांधी सियासी गर्माहट लाएंगे। दोनों राजनीतिक दल इस समय इसी तैयारियों में जुटे हैं कि उनके स्टार प्रचारक कहां-कहां रैलियां करेंगे और वहां किस तरह की तैयारियां रहेंगी। रैलियों के लिए भाजपा कार्यालय में बैठकर जहां रणनीति बनाई जा रही है, वहीं कांगे्रस कार्यालय में भी इस पर काम हो रहा है। दोनों दलों के वॉर रूम सजे हुए हैं, जहां रोजमर्रा की रणनीति के अलावा स्टार प्रचारकों की रैलियों की तैयारियों पर विचार चल रहा है। राष्ट्रीय दलों के रणनीतिकार शिमला आकर बैठ गए हैं, जो अपने हिसाब से इन रैलियों की तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं। प्रदेश में चुनाव आखिरी चरण में है और आखिरी चरण में होने वाले मतदान के लिए राष्ट्रीय नेता भी फ्री हो गए हैं। दूसरे राज्यों से इनकी ड्यूटियां अब हिमाचल के रण को सजाने में लगी हैं, जिसके लिए इन नेताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। कुल मिलाकर हिमाचल में लंबी आचार संहिता के चलते चुनावी शोर दस मई के बाद ही होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App