फ्लॉप रैली में झूठे वादे कर गए राहुल गांधी

By: May 18th, 2019 12:02 am

 शिमला —प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सोलन की रैली को फ्लॉप करार दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी रैली में भोले-भाले हिमाचलियों को झूठे सपने दिखा गए। उन्होंने कहा कि हाल ही में सोलन में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली की तुलना में कांग्रेस की रैली में आधे से भी कम भीड़़ जुटी। इससे पता चलता है कि कांग्रेस का जनाधार खिसक चुका है। उनका कहना है कि छह चरणों के मतदान के बाद यह साफ हो चुका है कि कांग्रेस पिछले लोकसभा चुनावों में उसे मिली 44 सीटों से भी कम पर सिमट जाएगी।भाजपा नेता ने कहा कि देश छोड़ कर भागे विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे कारोबारी आज विदेशों में जेल की हवा खा रहे हैं। इन भगोड़ों को भारत लाने के लिए मोदी सरकार ने पूरा जोर लगा दिया है, जबकि कांग्रेस की सरपरस्ती में इन कारोबारियों को हजारों करोड़ के लोन दिलवाए गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की किसानों की कर्ज माफी की योजना तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों का झूठा चुनावी वादा साबित हुई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सरकार बनाने के बाद कांग्रेस सरकारों ने किसानों के कर्ज माफ नहीं किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App