बड़सर में अनुराग ठाकुर को 24 हजार की लीड

By: May 24th, 2019 12:06 am

बिझड़ी—हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को हराकर जीत का चौका लगाया है। अनुराग ठाकुर ने बड़सर विस क्षेत्र से 24 हजार 166 की बढ़त मिली है। अनुराग ठाकुर ने बड़सर विस क्षेत्र के कुल 58463 मतों से 40 हजार 713 मत हासिल किए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने मात्र 16 हजार 547 मत प्राप्त किए। अनुराग ठाकुर ने रामलाल ठाकुर को डेढ़ गुना मतों के अंतर से पराजित किया। बड़सर विस क्षेत्र में अनुराग ठाकुर की जीत का जश्न मनाया गया व मिठाइयां बांटी गईं। बड़सर विस क्षेत्र के 111 बूथों में से कांग्रेस मात्र दो बूथों पर ही बढ़त बना पाई, जिसमें बूथ नंबर 48 खज्जियां में मात्र 11 मत व बूथ नंबर 87 समताना में 22 मतों की ही बढ़त बना पाई, जबकि भाजपा प्रत्याशी ने बड़सर विस के 111 बूथों में से 109 बूथों में बढ़त हासिल की है। बूथ नंबर 25 मोरसू सुल्तानी में भाजपा ने 512 मतों की बढ़त हासिल की है। इसमें अनुराग ठाकुर ने 639 मत लिए, जबकि रामलाल ठाकुर को 127 मत ही मिले। पूर्व विधायक बलदेव शर्मा विगत पांच वर्ष से बड़सर विस क्षेत्र में सक्रिय रहे तथा अनुराग ठाकुर को बढ़त दिलवाने में विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने लोकसभा चुनावों के दौरान 400 से अधिक नुक्कड़ जनसभाएं कीं। बड़सर विस क्षेत्र में भाजयुमो बड़सर व महिला मोर्चा बड़सर ने भी अनुराग ठाकुर को जीताने के लिए बढ़-चढ़कर भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App