मई महीने में भी सर्दी का एहसास

By: May 3rd, 2019 12:01 am

हवाओं-बारिश से तापमान में दस डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट

शिमला – हिमाचल प्रदेश में गर्मी के दौरान भी सर्दी का एहसास हो रहा है। राज्य में बारिश व तेज हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान मे फिर से भारी गिरावट रिकार्ड की गई है। तापमान में गिरावट आने से पहाड़ी राज्य में सुबह व शाम के समय ठण्ड पड़ने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में  दो दिन के दौरान मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी,  जबकि राज्य में पांच से आठ मई तक मौसम साफ बना रहेगा। गुरुवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। राज्य के कुछ स्थानों पर फिर से बारिश हुई है। राजधानी  सहित ऊपरी शिमला  में दोपहर बाद  बूदांबांदी हुई,जिला शिमला में शाम तक मौसम खराब बना रहा,   जबकि अधिकतर क्षेत्रों में दिन के समय मौसम खराब बना रहा और तेज हवाएं चलती रहीं।   अधिकतम तापमान मे एक से 10 डिग्री तक की गिरावट आई है। हमीरपुर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 10 डिग्री की गिरावट आंकी गई है। हमीरपुर का पारा लुढ़क कर 26.6 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा बिलासपुर में आठ, चंबा में छह, डलहौजी में पांच, कांगड़ा , कल्पा, ऊना में चार और शिमला में तीन डिग्री तक तापमान गिरा है। अधिकतम तापमान के  साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। राज्य के सुंदरनगर, भुतंर, कल्पा, नाहन, केलांग व सोलन के अधिकतम तापमान में उछाल आंका गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा.मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में आगामी दो दिन के दौरान मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बारिश होगी, जबकि राज्य में पांच से आठ मई तक मौसम साफ बना रहेगा। 

शिमला में बारिश-ओलावृष्टि

शिमला में शाम के समय फिर से बारिश हुई । बारिश के साथ शिमला में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। राजधानी के साथ-साथ ऊपरी शिमला के कई स्थानों पर भी बारिश होने की सूचना है। जिला में हुई बारिश के बाद तापामन मे फिर से गिरावट आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App