मोदी पर आया दिल्ली वालों का दिल

By: May 24th, 2019 12:02 am

सभी सात सीटों पर बीजेपी आगे; कांग्रेस के विजेंदर, आप के तीन उम्मीदवारों की जमानत जब्त

नई दिल्ली -देश की राजधानी दिल्ली की सात सीटों पर लोकसभा चुनाव 2019 में सभी सीटों पर बीजेपी ने निर्णायक बढ़त ले ली है। यहां पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर, चांदनी चौक से डा. हर्षवर्धन, उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी, उत्तर पश्चिम दिल्ली से हंस राज हंस,  दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी, पश्चिमी दिल्ली सीट से प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और नई दिल्ली सीट से मीनाक्षी लेखी जीत दर्ज कर रही हैं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है. इतना ही नहीं   आतिशी (आप), राघव चड्ढा (आप), अजय माकन (कांग्रेस) और शीला दीक्षित (कांग्रेस) जैसे दिग्गज नेता भी अपनी-अपनी पार्टियों की लाज नहीं बचा सके। इतना ही नहीं यहां चांदनी चौक से आप उम्मीदवार पंकज गुप्ता, उत्तर पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार दिलीप पांडे, नई दिल्ली से आप उम्मीदवार बृजेश गोयल औऱ दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार बॉक्सर विजेंदर सिंह की जमानत जब्त हो गई है। बता दें सात लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में छठे चरण के तहत 12 मई को मतदान हुआ था। इस बार भी प्रचंड मोदी लहर के बल पर दिल्ली की सातों सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल करने जा रही भारतीय जनता पार्टी के लिए वर्ष 2020  भी शुभ होने वाला है। दरअसल, जिस तरह भारतीय जनता पार्टी के सातों प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी सीटों पर शानदार प्रदर्शन किया है, उससे तो लगता है कि भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बता दें कि वर्ष-2014 में हुई दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप ने दिल्ली 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटों हासिल कर इतिहास रचा था, जबकि भाजपा को सिर्फ तीन सीटें तो कांग्रेस शू्न्य पर सिमट गई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App